मुरादाबाद। अवस्थी मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन रेलवे स्टेडियम में किया जा रहा है। डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव व पूर्व रणजी खिलाड़ी विजय गुप्ता इसके मुख्य आयोजकों में शामिल हैं। टूर्नामेंट में रणजी ट्रॉफी के खिलाड़ी, आईपीएल के खिलाड़ी व इंडिया अंडर-19 टीम के पूर्व खिलाड़ी शामिल हैं।
इन खिलाड़ियों को डीएसए की ओर से होटल में ठहराया गया है। इंडिया अंडर-19 क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान प्रियम गर्ग, समीर चौधरी, आईपीएल खिलाड़ी मोहसिन खान जैसे नाम शामिल हैं। मोहसिन मुरादाबाद की टीम से, प्रियम और समीर चौधरी मेरठ की टीम से टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे हैं। सोमवार को दोनों टीमों के बीच मैच हुआ तो ये तीनों युवा सितारे एक साथ खेलते नजर आए। प्रियम ने इस मैच में महज 37 गेंदों में शतक जड़ा। मोहसिन व समीर ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। मुरादाबाद के रेलवे स्टेडियम से खिलाड़ियों ने पुराना नाता बताया है। कहा कि कई बार मुरादाबाद में खेलने आए हैं, कई टूर्नामेंट अब तक याद हैं। ये खिलाड़ी विजय हजारे ट्रॉफी, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी, रणजी ट्रॉफी में लगातार नाम कमा रहे हैं। इनके अलावा हर्ष त्यागी जैसे खिलाड़ी भी टूर्नामेंट में खेल रहे हैं जोकि यूपी की अंडर-19 टीम का हिस्सा रहे हैं।
0000
मैं मुरादाबाद खेलने आता रहा हूं। इंडिया अंडर-19 टीम का कप्तान रहा, तब भी मुरादाबाद के दोस्तों ने बहुत हौसला बढ़ाया था। आज फिर रेलवे स्टेडियम में खेलने का मौका मिला है। मोहसिन भाई जैसे अच्छे खिलाड़ी यहां हैं। शिवा, शिवम इन सभी के साथ मैं खेला हूं। उम्मीद है भविष्य में मुरादाबाद से और खिलाड़ियों के नाम सामने आएंगे। - प्रियम गर्ग, पूर्व कप्तान, इंडियन अंडर-19 क्रिकेट टीम
- मुरादाबाद मेरा घर है। मैं संभल में जरूर पैदा हुआ लेकिन बचपन से यहीं पर क्रिकेट खेला है। यहां की पिचों पर खेलकर आईपीएल तक पहुंचा हूं। घरेलू टूर्नामेंट में खेलना मेरे लिए बहुत सुखद है। मैं विजय सर को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने हमें ऐसा मंच दिया। - मोहसिन खान, आईपीएल खिलाड़ी
- मैं लगभग 10 बार मुरादाबाद आया हूं। शिवा सिंह, शिवम शर्मा के साथ काफी बातचीत हुई है। आर्यन व मोहसिन भाई जैसे खिलाड़ी मुरादाबाद को क्रिकेट के क्षेत्र में हर जगह पहचान दिला रहे हैं। इस शहर में क्रिकेट पर काफी काम किया जा रहा है। भरोसे से कह सकता हूं कि आगे और खिलाड़ी निकलेंगे। - समीर चौधरी, क्रिकेटर