मुरादाबाद। गलशहीद पुलिस ने ऑटो लिफ्टर गैंग के तीन सदस्य गिरफ्तार किए हैं। पुलिस ने इनसे सात बाइक बरामद की है। गिरोह में एक नाबालिग भी शामिल है। नाबालिग ही बाइक चोरी करता था और उसके साथी ग्राहक तलाशते थे। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूला है कि उन्होंने यह बाइक जिले के अलग-अलग स्थानों से चोरी की थी।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि गलशहीद और कटघर थाने की संयुक्त ने सोमवार की रात मझोला के जयंतीपुर पुरानी आबादी निवासी नदीम उर्फ डॉक्टर, मीनानगर निवासी साकिब उर्फ भूरा और एक किशोर को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने जांच पड़ताल की तो इनकी बाइक चोरी की निकली। इसके बाद कड़ाई से पूछताछ की गई तो आरोपियों ने बताया कि रेकी करने के बाद किशोर से बाइक चोरी करवा लेते थे। इसके बाद बाइक छिपाकर ग्राहक की तलाश करते थे। ग्राहक मिलने पर बाइक कम दामों में बेच देते थे अगर ग्राहक नहीं मिलता तो बाइक के पार्ट्स अलग-अलग कर बेच देते थे।