पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के बाद रामपुर का एक ऑटो चालक कोतवाली जा पहुंचा। उसने कोतवाल को बताया कि मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है, मुझे गिरफ्तार कर लो। कोतवाल ने दो सिपाहियों को मौके पर भेजा। सिपाहियों ने वहां जाकर देखा कि कमरे में बिस्तर पर महिला मृत पड़ी थी।
इसके बाद कोतवाल सहित अन्य कई पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंचे। एसपी का कहना है कि प्रथमदृष्टया हत्या की वजह दहेज बताया गया है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के रजा टेक्सटाइल्स कॉलोनी निवासी गुलवेज (30) आटो चलाता है। उसकी शादी अपनी ही रिश्तेदारी में अगस्त 2019 में मोहल्ला खटकान निवासी रहमत अली की बेटी सुरय्या (25) से हुई थी।
रहमत अली रिश्ते में गुलवेज के चाचा भी लगते हैं। गुरुवार की शाम गुलवेज ने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर जानकारी दी कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
सूचना पर सुरय्या के पिता और भाई भी मौके पर पहुंच गए। उनका कहना है कि शादी के बाद से गुलवेज सुरय्या के साथ झगड़ा किया करता था। पैसे की मांग करता था, लेकिन उम्मीद नहीं थी कि वह उसकी हत्या कर देगा। पुलिस का कहना है कि इस मामले में महिला के परिजनों की ओर से जो तहरीर आएगी उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
एसपी शगुन गौतम ने कहा कि रजा टेक्सटाइल्स कॉलोनी निवासी युवक ने ही खुद ही थाने पहुंचकर अपनी पत्नी की हत्या किए जाने की बात स्वीकार की है। महिला की गला दबाकर हत्या की गई है। प्रथमदृष्टया यह दहेज हत्या का मामला लग रहा है।