फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad: बदमाश पत्नी को दे गए पत्र, कहा- अपने पति को दे देना इसे, खोला तो उड़ गए दंपती के होश

Fri, 23 May 2025 02:20 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद
विज्ञापन
जांच में जुटी पुलिस - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विज्ञापन
मझोला थाना क्षेत्र के प्रकाशनगर में रहने वाले व्यापारी राजेंद्र गुप्ता को पत्र भेजकर 17 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। आरोपी ने सात लाख रुपये नकद और 10 लाख रुपये का सोना मांगा। रकम न देने पर व्यापारी के इकलौते बेटे की हत्या की धमकी दी गई।
विज्ञापन


पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लाइनपार में प्रकाशनगर चौराहे के पास राजेंद्र गुप्ता की दर्शिका नाम से काॅस्मेटिक और भगवान की पोषाक की दुकान हैं। दुकान के ऊपर बने मकान में परिवार रहता है।

राजेंद्र गुप्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि बुधवार की सुबह करीब 11 बजे उनकी पत्नी सुनीता गुप्ता दुकान पर बैठी थीं। इसी दौरान दो युवक दुकान के पर पहुंचे। एक युवक बाइक पर बैठा रहा और दूसरा युवक पैदल ही दुकान पर पहुंचा।
विज्ञापन


उसने सुनीता के हाथ में एक पत्र देकर कहा कि यह अपने पति को दे देना। इसके बाद दोनों युवक चले गए। राजेंद्र गुप्ता ने चिट्ठी पढ़ी तो उनके होश उड़ गए। चिट्ठी के जरिये उनसे रंगदारी मांगी गई। उन्होंने बताया कि पत्र में लिखा है कि तुम्हारे इकलौते बेटे प्रांजल गुप्ता की हत्या के लिए किसी ने 30 लाख रुपये की सुपारी दी है।

इसके सभी सुबूत हमारे पास हैं। इसके बदले में दस लाख रुपये का सोना और सात लाख रुपये की नकदी देनी होगी। रकम न देने पर बेटे की हत्या करने की धमकी दी गई है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम मामले की जांच में जुट गई है।

पुलिस तैनात, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली

बेटे की हत्या की धमकी मिलने से राजेंद्र गुप्ता और उनका परिवार दहशत में है। मझोला थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने माैके पर पहुंचकर परिवार से बात की और पुलिस तैनात कर दी गई। व्यापारी व उनके बेटे को सुरक्षा में रखा गया है। इसके अलावा पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। जिसमें दो युवक आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के जरिये पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें