मुरादाबाद। कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह के नाम पर एक सराफ से सोने की चेन ठगने की कोशिश की गई। शिकायत मिलने पर कोतवाली पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो कार भी बरामद की गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि सही चीज सही दाम पर मिल जाए, इस वजह से वह मंत्री का भतीजा बनकर दुकान पर गया था।
सीओ कोतवाली राजेश कुमार ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी चंदौसी निवासी अभिषेक त्यागी है। उसने दिल्ली स्थित जामिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से बीए की पढ़ाई पूरी की है। आरोप है कि उसने कोतवाली क्षेत्र के बाजार गंज के सराफ सचिन के पास 22 सितंबर को फोन किया। उनसे बात करते आरोपी ने खुद को मंत्री भूपेंद्र सिंह का बेटा बताया। सचिन से कहा कि अपनी बुआ और उनके बेटे को दुकान पर भेज रहा हूं, वे एक सोने की चेन लेंगे। सोने की चेन उनको दे देना उसका भुगतान खुद दुकान पर आकर कर दूंगा। इसके कुछ देर बाद युवक बोलेरो कार में सवार होकर सराफ की दुकान पर सोने की चेन खरीदने पहुंच गया। उसके साथ महिला नहीं थी, पूछने पर वह हड़बड़ा गया। इससे दुकानदार को शक हो गया। आरोपी बिना चेन लिए ही वहां से भाग गया। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने सर्विलांस का जाल बिछा। जिस नंबर से कॉल आई थी उसे ट्रेस किया गया तो इस व्यक्ति की पहचान हो पाई। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है।