मुरादाबाद। ब्रजघाट से जल लेने के लिए जा रहे दो युवकों को कटघर थानाक्षेत्र के बल्देवपुरी में रविवार रात कार से निकालकर दर्जन भर लोगों ने लाठी, डंडों से पीटा। उनकी कार भी तोड़ दी गई। हमले की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। मामले की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
कमला विहार पीतल बस्ती में रहने वाले शिवम ने बताया कि वह रविवार रात को अपने सात साल के बेटे शिव ठाकुर और दोस्त सतेंद्र के साथ जल लेने के लिए कार से ब्रजघाट जा रहे थे। वे जब बल्देवपुरी चौराहे के पास पहुंचे तो वहां पर बल्देवपुरी निवासी सोनू अपने दोस्तों के साथ खड़ा था। सोनू और उसके दोस्तों के पास लाठी, डंडे और तमंचे थे। शिवम ने वहां पर दुकान से चिप्स खरीदने के लिए कार रोकी तो सोनू सहित करीब 15 लोग वहां पर आ गए। शिवम, सतेंद्र को कार से बाहर निकालकर सरेराह पीटने लगे। तमंचे की बट मारकर शिवम का सिर फोड़ दिया गया। इस दौरान भीड़ एकजुट होने लगी तो जान से मारने की धमकी देकर आरोपी वहां से भाग गए। एसएचओ कटघर देवेश सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर इस मामले में सोनू और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।