फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस टीम को बंधक बनाकर पीटा, पथराव

Thu, 01 Oct 2015 07:04 PM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला मुरादाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव गोविंदपुर खुर्द में सादा कपड़ों में दबिश देने गए कटघर थाने के तीन सिपाहियों को बदमाश समझकर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। एक बदमाश को प्राइवेट कार में डालकर ले जा रहे पुलिस वालों पर पब्लिक ने पथराव और फायरिंग कर दी। पड़ोस के वीरपुर थान में पुलिस टीम को घेरकर बदमाश को छुड़ा लिया और तीनों सिपाहियों व मुखबिर को बंधक बनाकर घंटाभर तक पीटा।
विज्ञापन



मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ नहीं मानी और पुलिस पर पथराव कर दिया। भीड़ के हमले में चौकी इंचार्ज के जख्मी होने के बाद पुलिस और पब्लिक के बीच संघर्ष हुआ। थोड़ी देर में गांव छावनी बन गया। पुलिस ने बमुश्किल तीनों सिपाहियों को छुड़ाया। हमले में जख्मी तीनों सिपाहियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी नितिन तिवारी समेत तमाम पुलिस अफसर देर रात तक मौके पर डटे थे। पुलिस पर हमला करने वाले दस से ज्यादा लोगों को उठाया गया है। इनके खिलाफ मुकदमा लिखा जा रहा है।



कटघर थाने के तीन कांस्टेबिल प्रेम, राजन और तौसीफ सादा कपड़ों में प्राइवेट कार से मूंढापांडे के गांव गोविंदपुर खुर्द में दबिश देने गए थे। एक मुखबिर भी इनके साथ में था। बुधवार को शाम करीब सात बजे एक घर में दबिश देकर तीनों सिपाहियों ने अतीक नाम के एक युवक को पकड़ लिया। अतीक को कार में डालकर जैसे ही तीनों सिपाही आगे बढ़े, गांव वालों ने बदमाशों के घुसने और युवक का अपहरण कर ले जाने का शोर मचा दिया। सिपाही बदमाश को लेकर कार से भागे लेकिन ग्रामीणों ने पथराव और फायरिंग शुरू कर दी।
विज्ञापन



आस पड़ोस के गांवों में भी ग्रामीणों ने फोन कर दिया। लिहाजा गोविंदपुर से करीब तीन किमी आगे स्थित वीरपुर थान गांव में ग्रामीणों ने सिपाहियों की कार जबरन रुकवा ली और अतीक को छुड़ाने के बाद सिपाहियों की पिटाई शुरू कर दी। तीनाें सिपाहियों और मुखबिर को ग्रामीणों ने बंधक बनाकर करीब घंटाभर तक पीटा। सूचना पर मय फोर्स पहुंचे मानपुर चौकी इंचार्ज राजेंद्र सिंह पुंडीर ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की कि कार सवार लोग बदमाश नहीं, पुलिस हैं।


लेकिन ग्रामीणों ने उनकी एक नहीं सुनी और उन पर भी हमला बोल दिया। ग्रामीणों और पुलिस के बीच फायरिंग हुई जिसके बाद सिपाहियों को छुड़ाया गया। हमले में तौसीफ की बाईं आंख गंभीर रूप से जख्मी हुई है, प्रेम का सिर फट गया जबकि राजन को भी चोट आई है। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पथराव में एसआई राजेंद्र सिंह भी जख्मी हो गए। एसएसपी के पहुंचने के बाद पुलिस ने दस से ज्यादा हमलावरों को पकड़ा है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें