दिल्ली रोड स्थित फाइव स्टार होटल हॉलीडे रीजेंसी में सोमवार रात कुछ लोगों ने दिल्ली के पेट्रोल पंप मालिक पर हमला कर दिया। हमले में पंप मालिक और उनका ड्राइवर लहूलुहान हो गए। हमलावरों ने होटल की पार्किंग में खड़ी पंप मालिक की कार के शीशे भी तोड़ डाले। पंप मालिक ने घटना की बाबत पाकबड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दिल्ली में भोगल निजामुद्दीन निवासी पेट्रोल पंप मालिक दीपक अग्रवाल पुत्र राजेश कुमार अपने दोस्त समग्र भारद्वाज की शादी में शामिल होने के लिए मुरादाबाद आए थे। सोमवार को शादी समारोह फाइव स्टार होटल हॉलीडे रीजेंसी में था। यहां दीपक अग्रवाल होटल के रूम नंबर 107 में ठहरे थे। दीपक का कहना है कि घटना सोमवार रात करीब साढ़े बारह बजे की है।
वह अपने ड्राइवर के साथ होटल के रूम में थे। तभी नशे में धुत दो युवक उनके रूम में आए, यह दोनों युवक भी शादी में शामिल होने आए थे। इनमें से एक का नाम आदित्य है और वह अमरोहा का रहने वाला है।
बकौल दीपक कुछ देर तक दोनों युवकों ने साथ बैठकर बातचीत की और फिर उनके ड्राइवर इसरार अहमद को गालियां देने लगे। जब उन्होंने विरोध किया तो दोनों ने उन पर व उनके ड्राइवर पर हमला बोल दिया और मारपीट करने लगे। हमले में दीपक और इसरार घायल हो गए।
पंप मालिक का कहना है कि उन्हाेंने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल किया लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने एएसपी को घटना की जानकारी दी। लेकिन पुलिस पहुंचने से पहले ही आरोपी होटल से खिसक गए और जाते - जाते पार्किंग में खड़ी उनकी कार के शीशे भी तोड़ गए।
रात करीब एक बजे होटल पहुंची पुलिस ने दीपक और उनके ड्राइवर का मेडिकल कराने के साथ ही होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। पुलिस ने दीपक अग्रवाल की तहरीर पर आदित्य और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इस बारे में होटल का पक्ष जानने की कोशिश की गई लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई।