अगर आप चाहते हैं कि त्योहार के मौके पर पैसों की कमी न पड़ने पाए तो 21 अक्तूबर से पहले बैंकों से रकम निकाल लें। बैंकों में चार दिनों की संभावित छुट्टी है, जिसका असर लेनदेन पर पड़ना तय है। पूरा दबाव एटीएम पर होगा। अगर एटीएम ने भी दगा दे दिया तो अपने ही पैसे के लिए तरस जाएंगे।
21 अक्तूबर को नवमी और 22 को दसवीं है। 24 को मोहर्रम की छुट्टी है, जबकि 25 को रविवार पड़ रहा है। हालांकि बैंकों की तरफ से अभी छुट्टी को लेकर कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है, लेकिन पूर्व में इन पर्वों पर छुट्टी रही है
इसलिए माना जा रहा है कि 23 अक्तूबर को छोड़ बाकी 21 से लेकर 25 तक शहर में मौजूद सभी राष्ट्रीयकृत और प्राइवेट बैंक बंद रहेंगे। चार दिनों की छुट्टी का असर बैंकों में लेनदेन प्रक्रिया पर पड़ना तय माना जा रहा है। हालांकि बैंक अधिकारियों का तर्क है कि छुट्टी के दौरान सभी एटीएम में पैसे नियमित रूप से ट्रांसफर किए जाते रहेंगे।
पूर्व में ऐसा हो चुका है, लेकिन उपभोक्ताओं को इसमें संशय है। उनका कहना है कि छुट्टी के दौरान एटीएम पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिसकी वजह से वह चंद घंटो के बाद ही खाली हो जाते हैं। अगर इस बार भी ऐसा हुआ तो मुश्किल हो सकती है। वहीं बैंक अधिकारियों के मुताबिक अगर लेनदेन प्रभावित होने का अंदेशा बढ़ा तो छुट्टी के दौरान भी बैंकों को खोला जा सकता है, ताकि लोग लेनदेन कर सकें।