बिलारी। मोहल्ला कोरियान में दिवाली की रात घर के पास पटाखे छोड़ने से मना करने पर दो पक्षों में हुई मारपीट में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मोहल्ला कोरियान निवासी लेखराज ने मंगलवार को थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि आठ नवंबर की देर रात ग्यारह बजे वह अपने मित्र सनी के घर गया था। वहां पर मनीष, सूरज, अरुण और प्रिंस सभी निवासी वाल्मीकि बस्ती सनी के घर के पास ही पटाखे छोड़ने लगे।
सनी के पिता को हार्ट की बीमारी होने की वजह से चारों आरोपियों से घर के निकट पटाखे छोड़ने की बजाए दूर जाकर छोड़ने को कहा। इसी बात से नाराज होकर चारों आरोपियों ने उसपर हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी मनीष ने चाकू से अमित के सिर पर वार किया। चाकू लगने से वह गंभीर घायल हो गया। हमलावरों से बचने के लिए वह पड़ोसी सुरेश के घर में घुस गए। वहां पर भी आरोपियों ने मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चारों आरोपियों खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद