संभल। गुन्नौर थाना क्षेत्र के गांव पुशावली में फोन पर किसान से एटीएम कार्ड का नंबर पूछकर खाते से जालसाज ने 65 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित किसान ने घटना की तहरीर थाने में दी है।
गांव पुशावली निवासी किसान रामप्रकाश ने जुनावई चौकी में दी तहरीर में बताया कि उसके मोबाइल पर बुधवार सुबह कॉल आई। काल करने वाले व्यक्ति ने बैंक से बोलने की बात कहते हुए बताया कि उसका एटीएम कार्ड बंद कर दिया गया है। एटीएम शुरू कराने के लिए एटीएम कार्ड का नंबर पूछा। इस पर किसान ने एटीएम कार्ड का नंबर कॉल करने वाले व्यक्ति को बता दिया। कुछ समय बाद किसान के खाते से 65 हजार रुपये निकलने का मैसेज उसके मोबाइल पर पहुंचा। खाते से रुपये निकलने का मैसेज मिलने के तुरंत बाद उसके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई और वह तुरंत जुनावई स्थित बैक पहुंचा और घटना से अवगत कराया। पीड़ित किसान रामप्रकाश ने घटना की तहरीर गुन्नौर थाने में दी है।