पवांसा में स्थित पशु चिकित्सा कार्यालय में मृत राष्ट्रीय पक्षी मोर का पोस्टमार्टम करते पशु चिकि
- फोटो : SAMBHAL
संभल/सौंधन। पवांसा ब्लॉक क्षेत्र के गांव खिरनी स्थित बिजली घर की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत हो गई। फाल्ट होने पर बिजली कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने लाइन चेक की तो मोर लाइन में फंसा हुआ था। आपूर्ति बंद की गई और वन विभाग और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों ने मोर का शव हाईटेंशन लाइन से नीचे उतारा। पशु चिकित्सक को बुलाकर पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद दफन कर दिया।
बुधवार सुबह आठ बजे के करीब राष्ट्रीय पक्षी मोर की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब मोर उड़कर खिरनी बिजली घर में हाईटेंशन लाइन के खंभे पर आकर बैठ गया। इसी दौरान करंट की चपेट में आ गया। मोर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया तो वहां तेज धमाके के साथ लाइन में फाल्ट भी आ गया। बिजली घर में बैठे कर्मचारियों ने जोरदार आवाज सुनी तो हड़कंप मच गया। बाहर आकर देखा तो लाइन से धुआं उठ रहा था और मोर तार में फंसा हुआ था। कर्मचारियों ने आनन-फानन सप्लाई बंद कर वन विभाग और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीमों ने किसी तरह मोर का शव तार से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम कराया। पशु चिकित्सक डॉ. नीरज गौतम ने बताया कि जोरदार करंट लगने से मोर की मौके पर ही मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद मोर का शव वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। वन विभाग की टीम ने दफन कर दिया।