कमिश्नर कार्यालय में विकास प्राधिकरण की 122 वीं बोर्ड की बैठक में बोलते कमिश्नर।
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। कमिश्नरी सभागार में कमिश्नर वीरेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई मुरादाबाद विकास प्राधिकरण बोर्ड की बैठक में सदस्यों ने आठ प्रस्तावों को अनुमोदित किया। जबकि दस प्रस्तावों पर बैठक में विचार किया जाएगा। वहीं एकता विहार में करोड़ों रुपये से तैयार 576 आश्रय भवनों को ढहाया जाएगा। प्लाटिंग कर जमीन बेची जाएगी।
एकता विहार दक्षिणी आवासीय में 2001 में करोड़ों रुपये खर्च कर दो मंजिलें 576 आश्रय भवन का निर्माण कराया गया था। ये एक कमरे का मकान था। जिसे दस रुपये रोजाना की किश्त पर दिए जाने थे। लेकिन प्रचार-प्रसार के अभाव और तकनीकि कमी के कारण आवास नहीं बिके। अब एमडीए इन आवासों को ढहाकर जमीन पर प्लाटिंग करेगा। जिसे लाटरी के जरिये बेचा जाएगा, ये निर्णय बोर्ड की बैठक में लिया गया है। इसके अलावा बैठक में बोर्ड के सामने 18 प्रस्ताव रखे गए। इसमें से आठ प्रस्तावों को अनुमोदित कर दिया गया। जबकि बाकी दस प्रस्तावों पर चर्चा की गई। बोर्ड ने प्रस्तावों को संज्ञान में लिया। इन प्रस्तावों पर बोर्ड की अगली बैठक में विचार किए जाएंगे। वहीं कमिश्नर वीरेंद्र कुमार सिंह ने बिना लेआउट के अवैध कालोनियां विकसित करने के दोषी प्रापर्टी डीलरों व डेवलपरों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कहा कि जनाकांक्षाओं की पूर्ति के लिए आधारभूत नागरिक अवस्थापना सुविधाएं विकसित करने के दृष्टिकोण से विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी परियोजनाएं शुरू कर मुरादाबाद को एक सुव्यवस्थित एवं सुनियोजित शहर के रुप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए कार्ययोजना बनाई जाए। इस दौरान डीएम राकेश कुमार सिंह, एमडीए वीसी यशु रस्तोगी, मुख्य अभियंता पीसी पांडे, रामकिशोर चौहान, राजीव कालरा राजू आदि मौजूद रहे।
पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर बेचेंगे आवास
एमडीए के आवासीय भवनों के बिक्री के लिए तीन बार विज्ञापन प्रकाशन के बाद भी खरीदार नहीं मिले। इन संपत्तियों को पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर बेचने के लिए पंजीकरण करने और एमडीए के भवनों की बाजार मूल्य के हिसाब से कीमत निर्धारण की मांग करने के प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया।