ठाकुरद्वारा। विहिप नेता अशोक सिंघल का जन्म शताब्दी समारोह मनाते हुए श्री राम गायत्री ज्ञान मंदिर में रविवार को गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने अशोक सिंघल को श्रद्धाभाव से याद किया और उनके कार्यों को सराहा।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि आंदोलन में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। उच्च शिक्षित और अति संपन्न परिवार के होते हुए भी उन्होंने जिस प्रकार से अपना जीवन राष्ट्र और समाज के निर्माण के लिए समर्पित किया, वह अतुलनीय है। आज अयोध्या में नजर आ रहे प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर के पीछे उनके प्रयास और संघर्षों की लंबी कहानी है।
गोष्ठी में उपस्थित युवाओं ने सभी से उनके जीवन दर्शन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र और समाज निर्माण के लिए आगे आने का आह्वान किया। गोष्ठी में गायत्री मंदिर के संयोजक शिवेंद्र गुप्ता, भारत सिंह, संजीव चौधरी, राजकुमार गुप्ता, डॉ. मोनिका अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
गायत्री परिवार ने युवा चेतना कार्यशाला की कार्ययोजना बनाई
संवाद न्यूज एजेंसी
ठाकुरद्वारा। शांतिकुंज हरिद्वार की 24 अक्तूबर को ठाकुरद्वारा में प्रस्तावित युवा चेतना कार्यशाला की तैयारियों पर चर्चा के लिए रविवार को बैठक की गई। बैठक में रामूवाला गनेश के एसपीएसएम इंटर कॉलेज होने वाले इस आयोजन की कार्ययोजना बनाई गई।
गायत्री परिवार की ओर से आयोजित बैठक में कार्यक्रम के स्वरूप पर युवा टीम के साथ चर्चा की गई। इस दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, युवा सहभागिता, जनसंपर्क, प्रचार-प्रसार आदि व्यवस्थाओं और विभिन्न दायित्वों के संबंध में विस्तार से विमर्श किया गया। बताया गया कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में संस्कार, सकारात्मक चिंतन, राष्ट्रनिष्ठा, व्यक्तित्व निर्माण, सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व की चेतना जागृत करना है। साथ ही उन्हें युग निर्माण अभियान से जोड़ना है। बैठक में जिला समन्वयक आईपी सिंह समेत रमेश वर्मा, विजयपाल सिंह, विपेंद्र सिंह, टिकराज सिंह, प्रमोद सिंह, केशो देवी, शिवेंद्र बंधु गुप्ता, आशीष कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।