सेंट मैरी सीनियर सेकेंड्री स्कूल में सीबीएसई का परिणाम आने पर खुशी जाहिर करतीं छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला
सीबीएसई इंटर के परीक्षाफल में जमकर मेधा बरसी है। सेंट मैरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की तान्या घई ने 500 में से सर्वाधिक 488 अंक प्राप्त किए हैं। मुरादाबाद जिले का परीक्षाफल 72.71 फीसदी रहा है। इसमें 500 में 476 से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 35 मेधावियों को सीबीएसई से जारी टॉप सूची में जगह मिली है।
सीबीएसई के देहरादून रीजनल आफिसर रणवीर सिंह के मुताबिक मुरादाबाद जिले में सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों में 2584 छात्र एवं छात्राओं ने इंटर की परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। 2528 छात्र एवं छात्राएं परीक्षा में बैठे। इनमें से 1838 छात्र एवं छात्राओं ने परीक्षा पास की है।
पास होने वाले विद्यार्थियों का औसत 72.71 प्रतिशत रहा है। रीजनल आफिसर के मुताबिक सेंट मैरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की कामर्स की छात्रा तान्या घई ने 500 में से 488 अंक प्राप्त किए हैं। सूची में दूसरे स्थान पर पीएमएस पब्लिक स्कूल की श्रेया अग्रवाल हैं। श्रेया ने 500 में से 486 अंक प्राप्त किए हैं।