चार माह पहले कुंदरकी नगर से लापता हुए युवक का शव कटघर क्षेत्र में बरामद हुआ था। सोशल मीडिया पर वायरल मृतक का फोटो देखकर उसके परिजनों ने शिनाख्त कर ली है। साथ ही पुलिस से कानूूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। परिजन थाने में पहले ही गुमशुदगी दर्ज करा चुके हैं।
लगभग चार माह पहले कुंदरकी नगर के मोहल्ला नूरूल्ला निवासी मोहम्मद आरिफ (20) पुत्र वाहिद हुसैन घर से बाहर गया, जिसके बाद से वह घर नहीं लौटा था। आरिफ की मां शमीम जहां ने कुंदरकी थाने में अपने बेटे के लापता होने की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पीड़ित परिजन लगातार लापता आरिफ की तलाश कर रहे थे। वह यूपी मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र देकर आरिफ की बरामदगी की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका था।
27 दिसंबर 2021 कटघर पुलिस ने काशीपुर चौकी क्षेत्र के तालाब से एक युवक का शव बरामद हुआ था, जिसकी शिनाख्त के संबंध में कटघर पुलिस ने सोशल मीडिया पर मृतक युवक का फोटो और सूचना लिखकर वायरल की थी।
करीब चार माह बाद परिजनों को वायरल फोटो के बारे में पता चला तो उनके द्वार फोटो देखकर शिनाख्त लापता आरिफ के रूप में की है। परिजनों ने पहले कटघर थाने जाकर जानकारी ली और मृतक का फोटो देखकर आरिफ के रूप में शिनाख्त की। कुंदरकी पुलिस को घटना के बारे जानकारी देकर अवगत कराया गया। मृतक की मां शमीम जहां का आरोप है कि उसके बेटे आरिफ की हत्या की गई है। वह इस मामले में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई कराएंगी।