मुरादाबाद। कोरोना की दूसरी लहर का कहर जारी है। इस अप्रैल में कोरोना के महामारी जैसा स्वरूप ले लेने से यह महीना पूरे साल के संक्रमण काल पर भारी पड़ा है। मार्च 2020 से मार्च 2021 तक जिले में 12303 पॉजिटिव केस मिले थे, जबकि इस साल अप्रैल माह में ही 14827 संक्रमित मिले हैं। जिले के कुल संक्रमित मरीजों में 54.65 फीसदी अप्रैल माह में ही मिले हैं। जो सालभर के संक्रमण काल में मिले पॉजिटिव केसों से 2524 अधिक हैं।
जिले में कोरोना का पहला मरीज मार्च 2020 में मिला था। तब से शुरू हुआ संक्त्रस्मित मरीजों के मिलने का सिलसिला अभी तक चला आ रहा है। मार्च 2020 से अप्रैल 2021 तक जिले में 27130 संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। इनमें आधे से अधिक पॉजिटिव मरीज अकेले इस साल अप्रैल माह में मिले हैं। जो कुल संक्रमित मरीजों का 54.65 फीसदी हैं। मार्च 2020 से मार्च 2021 तक के संक्रमण काल में सिर्फ 12303 पॉजिटिव मिले थे। वहीं अप्रैल 2021 के तीस दिनों में 14827 संक्रमित मरीज मिले। यह आंकड़ा सालभर के पूरे संक्रमण काल पर सबसे भारी है। यही नहीं सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल माह में जिले में कोरोना से 59 लोगों की जानें जा चुकी हैं, जबकि मार्च 2020 से मार्च 2021 तक सालभर में हुई मौतों की संख्या 183 थी। अप्रैल में बढ़ी कोरोना संक्रमण की रफ्तार मई में भी थमने का नाम नहीं ले रही है। मई के दो दिनों में 1916 संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। मरीजों और मौतों का बढ़ता आंकड़ा आमजन के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की भी चिंता बढ़ा रहा है।
--
- संक्रमण में तेजी से फैलाव हो रहा है, इसकी वजह कोविड प्रोटोकाल की अनदेखी, होम आइसोलेशन में बरती गई लापरवाही है। इसके अलावा समय से जांच नहीं कराना भी एक वजह है। संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए जांच बहुत जरूरी है। बतौर सावधानी मास्क लगाना और निर्धारित दूरी का पालन करना बेहद जरूरी है। - डा. डीके प्रेमी, जिला सर्विलांस अधिकारी
संक्रमण की रफ्तार पर एक नजर
मार्च 2020 से मार्च 2021 तक
- कुल सैंपल: 6,91,145
- कुल पॉजिटिव केस:12,303
- कुल मौत: 183
- पॉजिटिविटी रेट: 1.78 फीसदी
....
01 अप्रैल से 30 अप्रैल तक
- कुल सैंपल: 109028
- कुल पॉजिटिव: 14827
- कुल मौत: 59
- पॉजिटिविटी रेट: 13.59 फीसदी
इस बार अप्रैल में 127 गुना अधिक मरीज
मुरादाबाद। अप्रैल 2020 की तुलना में अप्रैल 2021 में संक्त्रस्मित मरीजों की संख्या 127 गुना अधिक है। अप्रैल 2020 में 1675 लोगों का सैंपल लिया गया था। इसमें 116 लोग पॉजिटिव मिले थे, जबकि अप्रैल 2021 में 127 गुना अधिक 14827 पॉजिटिव केस मिले हैं।