मुरादाबाद। नगर निगम में नाजिर के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए गए अपना दल कमेरावादी के मंडल अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा और कर्मचारियों के बीच मारपीट हुई। इस मामले में नाजिर की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपना दल के नेता सहित 35 लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और मारपीट का केस दर्ज कराया है। अपना दल नेता ने घटना के बाद अपना मोबाइल बंद कर लिया है।
नगर निगम के नाजिर सौरभ कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका 2014 से गोपालपुर में खरीदी गई भूमि को लेकर सिविल कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। इस मामले में अनुचित शिकायत कर अपना दल नेता रामेश्वर दयाल तुरैहा पांच लाख रुपये मांग रहा है। इस मामले में उसने डीएम को 26 अगस्त को प्रार्थनापत्र दिया था।
सोमवार की सुबह साढ़े 11 बजे रामेश्वर दयाल तुरैहा अपने साथियों राम औतार, चमन, छत्रपाल, शमशाद सैफी, धर्मेंद्र कश्यप आदि को लेकर नगर निगम स्थित उप नगर आयुक्त के कार्यालय. में जबरन घुस गया। नेताओं के बीच एक व्यक्ति पिस्टल लिया था। उस समय मेयर कार्यालय में श्रमिक संगठनों की बैठक चल रही थी।
अपना दल नेता के साथियों ने कर्मचारी धर्मेंद्र मुलतानी को मारपीट कर घायल कर दिया। इस बारे में कोतवाल ब्रिजेंद्र सिंह ने बताया कि नगर निगम कर्मचारी की तहरीर पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और मारपीट का केस अपना दल नेताओं के खिलाफ दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में अपना दल कमेरावादी के मंडल अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनका मोबाइल बंद था। पुलिस का कहना है कि अपना दल नेता की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है।