मुरादाबाद। यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण का कार्य शनिवार को पूरा हो गया। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार उत्तर पुस्तिकाओं की निगरानी केंद्र अधिकारियों के साथ सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। 24 फरवरी से 12 मार्च तक बोर्ड परीक्षाएं होंगी।
जिले में 108 केंद्रों पर परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। हाईस्कूल में 40183 और इंटरमीडिएट में 39274 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। विद्यार्थियों की परीक्षाओं के लिए करीब 5.30 लाख उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त हुई थीं। इनको राजकीय इंटर कॉलेज मुरादाबाद में रखवाया गया था। यहां से सभी परीक्षा केंद्रों तक उत्तर पुस्तिकाएं पहुंचा दी गई हैं।
11 फरवरी से उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण का कार्य किया जा रहा था और शनिवार को आखिरी दिन था। इसकी वजह से केंद्र व्यवस्थापक उत्तर पुस्तिकाओं को लेने के लिए सुबह साढ़े नौ बजे से आना शुरू हो गए। विद्यालय में वितरण कार्य में तीन टीमें लगाई गई थीं। एक टीम हाईस्कूल, एक इंटरमीडिएट के लिए और एक टीम कला के लिए थी। सभी केंद्र व्यवस्थापक बंद गाड़ी में उत्तर पुस्तिकाएं लेकर गए।
-
प्रश्नपत्र का वितरण 19 फरवरी से किया जाएगा। उस दिन से केंद्रों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। हमने एसएसपी को पत्र भेजा था। वहां से सभी थानों को निर्देश जारी हो गए हैं। अभी उत्तर पुस्तिकाओं की निगरानी केंद्र व्यवस्थापक और केंद्र पर लगे सीसीटीवी कैमरों और जिला स्तर पर बने कंट्रोल रूम से की जा रही है। - देवेंद्र कुमार पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक