शनिवार को ब्लाक क्षेत्र के ग्राम शेखूपुर खास में छात्रा गुड़िया को मौत की नींद सुलाने वाले खूंखार कुत्ताें ने रविवार की सुबह क्षेत्र के ही ग्राम तेवरपट्टी उर्फ काजीपुरा में एक छात्रा को अपना शिकार बना लिया। कुत्तों ने छात्रा के शरीर के कई हिस्सों से मांस नोच लिया।
लगातार दूसरे दिन हुई इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश बढ़ गया है। प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। हालांकि अफसरों ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। कुंदरकी नगर से सटे ग्राम तेवरपट्टी उर्फ काजीपुरा निवासी मजाहिर हुसैन की दस वर्षीय बेटी सोफिया खानम अपने तहेरे भाई तदीब (12) पुत्र तालिब हुसैन के साथ रविवार की सुबह आठ बजे घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए कुंदरकी को जाने के लिए निकली थी।
बताते हैं कि जब दोनाें भाई-बहन गांव की आबादी से सटे जंगल से होकर गुजर रहे हैं तभी एक दर्जन से अधिक खूंखार कुत्ताें के झुंड ने अचानक हमला बोल दिया। छात्र तदीब शोर मचाते हुए भाग निकला। लेकिन सोफिया कुत्तों में घिर गई। उस पर हमला कर कुत्तों ने उसे गिरा दिया और नोचना शुरू कर दिा।
शरीर के कई हिस्सों से मांस नोच लिया। सोफिया की चीख पुकार सुनकर पड़ोस के ही नाहिद, शाकिर और मुनाजिर आदि दौड़ कर पहुंचे तो खूनी कुत्ताें पर ईंट-पत्थर मार भागाया तब कुत्ताें ने सोफिया को छोड़ा। लहूलुहान छात्र सोेफिया की गंभीर हालत देखकर तत्काल ही उसके परिजन मुरादाबाद ले गए लेकिन जान नहीं बच सकी।
खूंखार कुत्तों ने छात्रा सोफिया के सिर, गर्दन, पीठ, पेट, जांघाें, कलाइयाें और हाथ-पैराें से मांस को नोचकर गहरे जख्म कर दिए थे। मासूम बेटी के शव की दशा देखकर लोग सकपका गए। घटना से लोगों में आक्रोश फैला है। शव का पंचनामा भर दिया गया है।