कांठ। बाजार से खरीदारी कर अपने घर लौट रही वृद्धा को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। जिससे वह गंभीर घायल हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हादसे को अंजाम देने वाले ट्रक को भी चालक सहित पकड़ लिया है।
अगवानपुर-पाकबड़ा बाईपास स्थित छजलैट थाना क्षेत्र के गांव गोपालपुर नत्था नंगला उर्फ कोकरपुर में बुधवार की शाम साप्ताहिक बाजार से खरीदारी कर अपने घर लौट रही गांव की ही रहने वाली 60 वर्षीय वृद्धा आशिया पत्नी साबिर को सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। जिससे वह गंभीर घायल हो गई। सूचना पर पर पहुंचे परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए मुरादाबाद के निजी अस्पताल ले गए। लेकिन यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर हादसे को अंजाम देकर भाग रहे ट्रक की ग्रामीणों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई, जिस पर छजलैट थाने की फत्तेहपुर विश्नोई चौकी पुलिस ने चालक गुर्जन सिंह पुत्र लखविंदर सिंह निवासी ग्राम सालपानी कलां थाना अजराना कलां जिला कुरुक्षेत्र हरियाणा को मय ट्रक पकड़ लिया। वहीं मृतका के परिजन उसके शव को अस्पताल से घर ले आए, जिससे घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के मरी आशिया के बेटे गाजियाबाद में काम करते हैं, परिजनों ने उन्हें भी हादसे की सूचना दे दी है।