बिलारी। दिवाली पर्व के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से बृहस्पतिवार शाम नगर के मंदिर पौड़ाखेड़ा परिसर में एक दीपक राष्ट्र के नाम कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के माहौल में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रभु श्रीराम का स्मरण करते हुए सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित किए गए।
कार्यक्रम में मौजूद आरएसएस स्वयं सेवकों और वरिष्ठ नागरिकों ने दीप प्रज्वलन के माध्यम से राष्ट्र प्रेम, सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और सनातन संस्कृति के गौरव का संदेश दिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने दिवाली के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दिवाली के केवल दीप जलाने का पर्व नहीं बल्कि अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और अधर्म से धर्म की ओर अग्रसर होने का संदेश देती है। अंत में प्रभु श्रीराम के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में जिला कार्यवाह सुभाष, जिला शारीरिक प्रमुख रोहित, जिला कार्यकारिणी सदस्य प्रांजल, नगर संघ चालक विशाल, नगर कार्यवाह जगपाल, नगर प्रचार प्रमुख विवेक, नगर बौद्धिक प्रमुख विवेक मास्टर, मोहर सिंह, जितिन, विभोर, पुष्पेंद्र आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम आयोजन में सनातन धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष पंकज चौहान का भी सहयोग रहा।