बिलारी। तहसील के सुंदरपुर कल्यान गांव की महिला राशन कोटेदार द्वारा राशन वितरण में गड़बड़ी करने पर एसडीएम द्वारा उसकी राशन की दुकान का अनुबंध निलंबित कर दिया गया।
आपूर्ति कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार कुंदरकी ब्लॉक अंतर्गत सुंदरपुर कल्यान के राशन कार्ड धारकों डोली आदि की ओर से आइजीआरएस पोर्टल पर शिकायत कर राशन कोटेदार शमीम जहां पर राशन वितरण में गड़बड़ी करने में आरोप लगाए थे। अधिकारियों के आदेश पर आपूर्ति निरीक्षक ने सुंदरपुर कल्यान गांव पहुंचकर शिकायत की जांच की। जांच के दौरान राशन कार्ड धारक छिदिया, फरजाना, बिल्कीस, महराब जहां, अफसाना, शबीना परवीन,अफसरी आदि ने राशन कोटेदार पर प्रति यूनिट के हिसाब से खाद्यान्न कम देने का आरोप लगाते हुए बयान दर्ज कराए थे।
आपूर्ति निरीक्षक के मौके पर जांच करने के दौरान राशन की दुकान बंद मिली थी और कोटेदार द्वारा जांच प्रक्रिया में कोई सहयोग नहीं किया गया था। आपूर्ति निरीक्षक द्वारा मैनाठेर पुलिस को मौके पर बुलाकर महिला कोटेदार के पति की मौजूदगी में दुकान का निरीक्षण किया था। इस दौरान राशन की दुकान पर साइन बोर्ड अंत्योदय राशन कार्डधारकों की सूची और अन्य जन उपयोगी सूचनाएं प्रदर्शित होना नहीं पाई गई थीं। दुकान में रखे गेहूं और चावल के बोरों का सत्यापन करने पर रिकॉर्ड के हिसाब से स्टॉक में भिन्नता पाई गई थी।
आपूर्ति निरीक्षक ने अपनी जांच रिपोर्ट उचित कार्रवाई के लिए एसडीएम को भेज दी। एसडीएम ने आदेश जारी कर सुंदरपुर कल्यान की राशन कोटेदार शमीम जहां का दुकान संबंधी अनुबंध निलंबित कर दिया। इस दुकान से संबद्ध राशन कार्डधारकों को राशन लेने के लिए अग्रिम आदेशों तक मैनाठेर के राशन कोटेदार मुशाहिद की दुकान से संबद्ध कर दिया। आपूर्ति निरीक्षक संतोष कुमार ने कोटेदार की दुकान का अनुबंध निलंबित होने की पुष्टि की है।