हसनपुर में हादसे के बाद माैके पर जुटे लोग
- फोटो : संवाद
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में युवक और बस चालक की जान चली गई। घटना के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दो हादसे 15 मिनट के भीतर हुए।
पहली घटना संभल अड्डा-रहरा बाईपास मार्ग पर कनेटा रोड के पास की है। कनेटा रोड निवासी आबिद का बेटा सोनू उर्फ सादिक(19) देर रात परिवार के बच्चों को ई-रिक्शा में बैठाकर जा रहा था। तभी रास्ते में एक तेज रफ्तार डीसीएम ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी।
हादसे में सोनू उर्फ सादिक की मौके पर ही मौत हो गई। ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि ई रिक्शा में बैठे बच्चे सुरक्षित हैं। मृतक के पिता आबिद नगर की सचिन गैस एजेंसी पर डिलीवरी मैन का काम करते हैं। सोनू दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था।
उसकी मौत की खबर सुनते ही मां और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दूसरा हादसा देर रात झकड़ी अड्डे के पास हुआ। लालबाग ऊंचा निवासी सलीम अंसारी (37) पेशे से बस चालक थे। बृहस्पतिवार देर रात वह अपनी ड्यूटी खत्म कर झकड़ी अड्डे से पैदल ही अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान संभल की दिशा से आ रहे अनियंत्रित कैंटर ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे सलीम की मौके पर माैत हो गई। वह अपने पीछे पत्नी तमन्ना और दो मासूम बेटियों को छोड़ गए हैं। सलीम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हादसों की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में ले लिया है। चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हुई है। दोनों ही घटनाओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।