मुरादाबाद। कलक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
प्रशासन ने निर्देश दिए कि आयुष्मान भारत योजना के पात्र परिवारों का कोई भी सदस्य आयुष्मान कार्ड से वंचित न रहे। बीपीएम, बीसीपीएम, बीएमसी और आरबीएसके की टीमों को भ्रमण के दौरान कार्ड बनाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने को कहा। जननी सुरक्षा योजना के भुगतान, परिवार नियोजन कार्यक्रम, नियमित टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में स्वास्थ्य उपकेंद्रों के निर्माण, आशाओं के चयन एवं प्रशिक्षण तथा एनएचएम के तहत उपलब्ध सुविधाओं को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।
अंत में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। बैठक में डीएम, सीडीओ, सीएमओ समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। ब्यूरो