शायद ही कोई ऐसा दिन हो, जब जिले में तेंदुए दिखाई न दे रहा हो। अब नौगांवा सादात के गांव कैल बकरी मिलक में तेंदुआ देख किसान के होश उड़ गए। बताया जा रहा है कि किसान जिस समय खेत पर जा रहा था, तभी उसी नजर गीदड़ को निवाला बना रहे तेंदुए पर पड़ गई।
जनपद में तेंदुआ का डर समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा है। कभी तेंदुआ नौगांवा सादात में नजर आता है तो कभी डिडौली और अब रजबपुर क्षेत्र में देखा गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दे दी है। रविवार दोपहर रजबपुर क्षेत्र के गांव अतरासी का सोनू खेत पर चारा लेने गया था।
उसने वहां एक खेत से निकल कर दूसरे खेत पर जाते हुए तेंदुए को देखा। उसने जल्द से गांव जाकर ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों ने एकत्र होकर जंगल में तेंदुए को तलाश किया लेकिन उसका पता नहीं चल सका। वहीं, दूसरी ओर थाना नौगावां सादात क्षेत्र के गांव युसूफपुर में सोमवार सुबह सुनील कुमार खेत पर चारा लेने गए थे।
उसी दौरान उन्होंने खेत की सिंचाई भी शुरू कर दी। जब पानी देखने के लिए वह खेत के भीतर पहुंचे तो वहां तेंदुआ सो रहा था। आहट होने पर तेंदुआ जाग गया और उसने दहाड़ मारना शुरू कर दी। तेंदुए को देख कर सुनील कुमार गांव आ गए और ग्रामीणों को सूचना दी।
ग्रामीणों ने तेंदुए की तलाश में अभियान भी चलाया मगर तेंदुए का पता नहीं लग सका। डीएफओ ने बताया कि जगह-जगह वन विभाग की टीम अलर्ट है। जहां-जहां सूचना मिलती है, टीम वहां पहुंचकर जांच पड़ताल कर रही है।