अमरोहा के बिजनौर रोड स्थित जूते-चप्पल के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलने से गोदाम में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। गोदाम के ऊपर बने मकान में फंसे परिवार को स्थानीय लोगों ने सीढ़ी लगाकर सुरक्षित बाहर निकाला गया।
अमरोहा के बिजनौर रोड स्थित नई बस्ती मोहल्ले में शुक्रवार दोपहर जूते-चप्पल के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा गोदाम उसकी चपेट में आ गया। हादसे के दौरान गोदाम के ऊपर बने मकान में फंसे परिवार को स्थानीय लोगों ने सीढ़ी लगाकर सुरक्षित बाहर निकाला।
विज्ञापन
हाजी वसीम अहमद का बिजनौर रोड पर जूते-चप्पल का गोदाम है। भवन के प्रथम तल पर गोदाम संचालित होता है, जबकि दूसरे तल पर परिवार रहता है। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे संदिग्ध परिस्थितियों में गोदाम में आग लग गई।
कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और धुएं का गुबार आसमान में फैल गया। गोदाम से उठती आग की लपटें और धुआं ऊपर रहने वाले परिवार तक पहुंच गया, जिससे परिवार के सदस्य अंदर ही फंस गए।
विज्ञापन
पत्नी और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सीढ़ी लगाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। आग की सूचना मिलने पर आसपास के मकानों को भी एहतियातन खाली करा लिया गया।
करीब आधे घंटे बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सीओ अभिषेक यादव, नगर कोतवाली पुलिस और स्थानीय लोग भी दमकल कर्मियों के साथ आग पर काबू पाने में जुटे रहे।