सुसाइड नोट में लिखा बीएसए भी करती थीं प्रताड़ित
गजरौला के सुल्तानपुर ठेर संविलियन विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजीव की आत्महत्या के मामले में बीएसए भी फंसती नजर आ रही हैं। उनके खिलाफ लगातार उठ रही कार्रवाई की मांग के बीच आखिरकार डीएम ने उन्हें हटाने की संस्तुति कर दी है। इसके लिए डीएम ने शासन को पत्र भेज दिया है।
बता दें कि एक अक्तूबर को गजरौला के सुल्तानपुर ठेर संविलियन विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजीव कुमार ने अपने ही कक्ष में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने सुसाइड नोट छोड़ा था। जिसमें सहायक अध्यापक राघवेंद्र सिंह व उसकी शिक्षक पत्नी सरिता और बीएसए डॉ. मोनिका पर उन्हें प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। आत्महत्या के लिए तीनों को जिम्मेदार ठहराया था।
शिक्षक दंपती की गिरफ्तारी को दबिश
मामले में पुलिस ने मृतक प्रधानाध्यापक के पुत्र की तहरीर पर शिक्षक दंपती व बीएसए के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। मामले में जहां पुलिस लगातार शिक्षक दंपती की गिरफ्तारी को दबिश दे रही है, वहीं बीएसए पर भी कार्रवाई की मांग की जा रही है। अब इस मामले में बीएसए डॉ. मोनिका भी कार्रवाई की जद में आ गई हैं।
बीएसए को जिले से हटाने की संस्तुति करते हुए शासन को पत्र भेज दिया गया है। जबकि, पुलिस शिक्षक दंपती की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। -निधि गुप्ता वत्स, जिलाधिकारी