कांठ। पिछले दिनों कृपाण प्रकरण के दौरान नगर के अमृतधारी सिख छात्र जपन सिंह की छूटी हिंदी काव्य की परीक्षा सोमवार को गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी के निर्देश पर डीएसएम महाविद्यालय कांठ में कराई गई। इस परीक्षा को देने के लिए परीक्षा केंद्र पर यह मात्र अकेला ही परीक्षार्थी रहा।
कांठ के विशनपुरा निवासी सिख छात्र जपन सिंह ऋषिबाल महाविद्यालय कांठ में बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। 27 जनवरी को जब वह नगर के डीएसएम महाविद्यालय परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने गया तो कृपाल को लेकर आपत्ति की गई थी, जिसके बाद छात्र ने कृपाण को प्रथक कर परीक्षा दी थी। इसके बाद जब वह चार फरवरी को हिंदी काव्य की परीक्षा देने पहुंचा तो आरोप था कि उसे कृपाण के साथ परीक्षा केंद्र में घुसने नहीं दिया, जिससे परीक्षा भी छूट गई। इसे लेकर सिखों ने अधिकारियों से शिकायत की थी। जांच के बाद गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी ने सिख छात्र की छूटी परीक्षा कराने के निर्देश दिए थे। सोमवार को छात्र डीएसएम महाविद्यालय पहुंचकर दोपहर छूटी हुई परीक्षा दी। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा कांठ के प्रधान सरदार कुलवंत सिंह ने बताया कि अमृतधारी छात्र जपन सिंह की परीक्षा सकुशल बिना किसी रुकावट के कराई गई है।