मंडल में भाजपा के चुनावी अभियान की शुरुआत करने के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मंगलवार को मुरादाबाद पहुंचेंगे। लाइनपार स्थित रामलीला मैदान में वह भाजपा प्रत्याशी कुंवर सर्वेश सिंह के लिए एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष हरिओम शर्मा के मुताबिक अमित शाह दोपहर करीब डेढ़ बजे हेलीकॉप्टर से सीधे रामलीला मैदान पहुंचेंगे। यहां करीब 40 मिनट तक वह जनसभा को संबोधित करेंगे। शाह की जनसभा के लिए पूरा दिन रामलीला मैदान पर तैयारियां चलती रहीं।
पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने रामलीला मैदान पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का खाका खींचा। शाह की यह जनसभा मुरादाबाद में होगी लेकिन वह यहां से रामपुर, संभल और अमरोहा लोकसभा सीट को भी साधने की कोशिश करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है।