अमरोहा सीट से नामांकन पत्र दाखिल करते भाजपा और बसपा प्रत्याशी
अमरोहा में सोमवार को बसपा के प्रत्याशी कुंवर दानिश अली ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। उनके साथ रिटर्निंग कक्ष में सपा के पूर्व मंत्री महबूब अली और कमाल अख्तर भी मौजूद रहे। वहीं अमरोहा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार राशिद अल्वी का टिकट कट गया है। अब उनकी जगह अमरोहा सीट से सचिन चौधरी चुनाव लड़ेंगे।
चर्चा है कि राशिद अल्वी ने स्वयं इस सीट से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राशिद अल्वी ने इसके पीछे कोई खास वजह नहीं बताई। वहीं चर्चा यह भी है कि वह टिकट मिलने में देरी के चलते पार्टी नेतृत्व से नाराज थे।
उधर, भाजपा की ओर से अमरोहा में प्रत्याशी और मौजूद सांसद कंवर सिंह तंवर ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश गोल, विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी और विधायक राजीव तरारा मौजूद रहे।