भारतीय जनता पार्टी में टिकट बंटवारे को लेकर हुई बगावत के डैमेज को कंट्रोल करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने दिल्ली से अपने ‘दूतों’ को सभी जिलों में भेज दिया है। दो दिन पहले चुनाव कार्यालयों पर पहुंचे इन ‘दूतों’ ने पार्टी मुख्यालय को अपनी रिपोर्ट भेजना शुरू कर दिया है।
बताया जाता है कि ये दूत चुनाव एक्सपर्ट हैं। बागियों की लिस्ट पार्टी कार्यालयों पर भेजने का खुलासा अमर उजाला ने अपनी खबर में पहले ही कर दिया था। अब इन बागियों की पल-पल की हरकत की गोपनीय रिपोर्ट दिल्ली भेजी जा रही है। उधर, इसकी जानकारी होने पर बागी भी सतर्क हो गए हैं।
यूपी के विधानसभा चुनाव में टिकट बंटवारे को लेकर भाजपा में जबरदस्त हंगामा है। प्रदेशभर में नेताओं की बगावत की जानकारी पार्टी मुख्यालय पर पहुंच रही है। कुछ नेता खुलकर विरोध कर रहे हैं तो कुछ छिपकर बगावत में शामिल हैं।
पिछले दिनों आरएसएस और नरेंद्र मोदी की टीम ने सर्वे किया और बागी नेताओं की लिस्ट तैयार कर पार्टी मुख्यालय को भेजी। लिस्ट में पार्टी के स्थानीय कद्दावर नेताओं के नाम भी बताए गए हैं। अब पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने सभी जिलों में अपने ‘दूत’ भेजे हैं। ऐसे नेताओं को भेजा गया है जिन्हें चुनाव लड़ाने का लंबा अनुभव है।
शाह के दूत रोजाना रिपोर्ट तैयार करके लैपटॉप और स्मार्ट फोन से पार्टी मुख्यालय को भेज रहे हैं। बागियों की लिस्ट में शामिल नेताओं के फोटो भी हाईकमान के पास भेजे गए हैं। बताया जा रहा है कि नाराज नेताओं को समझाने का दौर भी शुरू हो गया है। इस काम में संघ और भाजपा के उन नेताओं को लगाया गया है, जिनके संपर्क में नाराज नेता पहले रह चुके हैं।