करीब पच्चीस दिन पहले हत्या करके रेल ट्रैक पर नग्न हालत में फेंकी गई 25 वर्षीय युवक की लाश को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। चार दिन पहले पुलिस ने दावा किया था कि लाश बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र से लापता युवक अमित की है। लेकिन अमित के परिजनों ने शव की शिनाख्त करने से इंकार कर दिया है।
हालांकि परिजनों के इंकार के बाद भी पुलिस इस दावे पर कायम है कि लाश बदायूं के अमित की ही है। पुलिस का दावा है कि उसे कातिलों के बारे में भी सटीक जानकारी हाथ लग चुकी है। पुलिस को इस मामले में बदायूं के राहुल की तलाश है।
करीब पांच दिन पहले कटघर पुलिस ने दावा किया था लाश का हुलिया बदायूं जिले के उघैती थाना क्षेत्र के ईखखेड़ा गांव निवासी अमित कुमार के हुलिये से मिल रहा है, जो चार अक्तूबर से घर से लापता है। पुलिस ने परिजनों के हवाले से लाश की शिनाख्त अमित के रूप में हो जाने का दावा भी कर दिया था।
अमित के चाचा ने थाने पहुंचकर फोटो आदि से शव की शिनाख्त कर भी ली थी। लेकिन अब बाकी परिजनों ने शव की पहचान से इंकार कर दिया है। अमित के मां पिता ने पुलिस से कहा है कि ट्रैक पर निर्वस्त्र मिली लाश उनके बेटे अमित की नहीं थी। हालांकि इसके बाद भी पुलिस का दावा है कि लाश अमित की ही थी, परिजन उसे पहचान नहीं पा रहे हैं।
इंस्पेक्टर कटघर का कहना है कि अमित के गांव का ही राहुल इस हत्या में शामिल है और वह घटना वाले दिन उसके साथ कटघर तक आया था। पुलिस ने हत्या की वजह भी पता कर ली है। इंस्पेक्टर का कहना है कि एक बार हत्यारे पकड़े जाएं तो अमित के परिजन भी लाश की शिनाख्त कर लेंगे।
क्या था मामला
कटघर थाना क्षेत्र में पांच अक्तूबर को रेलवे ट्रैक पर 25 वर्षीय एक युवक की लाश निर्वस्त्र हालत में पड़ी मिली थी। जिसकी शिनाख्त नहीं हो पाई थी। पुलिस हालांकि शुरू में इसे ट्रेन हादसा मान रही थी लेकिन पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ था कि युवक की हत्या सिर में गोली मारकर की गई है। पोस्टमार्टम में उसके सिर में बुलेट फंसी मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। लावारिस में ही इस लाश का अंतिम संस्कार कर दिया गया था।