मुरारी लाल माहेश्वरी स्मृति वाद-विवाद प्रतियोगिता में सम्मानित छात्र
- फोटो : अमर उजाला
'देश हित में एक देश-एक चुनाव’ विषय पर बोलते हुए कशिश चौहान ने क्षेत्रीय मुद्दों के विलुप्त होने का मुद्दा उठाया। उनके तर्क को निर्णायकों ने अव्वल माना। अमर उजाला की ओर से महाराजा हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को अमर उजाला की ओर से आयोजित मुरारी लाल माहेश्वरी स्मृति वाद-विवाद प्रतियोगिता में पहले पांच स्थान पर रहने वाले विजेताओं को नकद पुरस्कार और सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
पहले स्थान पर रही हिंदू कालेज की छात्रा कशिश चौहान ने कहा कि एक साथ देशभर में चुनाव होने से क्षेत्रीय मुद्दे विलुप्त हो जाएंगे। अलग-अलग चुनाव होने से मतदाताओं को बार-बार मताधिकार करने का मौका मिलता है और जागरुकता बढ़ती है। एक साथ में मताधिकार क्षीण हो जाएगा। यदि केंद्र की सरकार गिरती है तो प्रदेशों की सरकार पर सीधा असर पड़ेगा। खर्चा बचाने के समाधान और भी हैं, उनके विकल्प हमें तलाशने होंगे। दूसरे स्थान पर रही आरएसडी कॉलेज की छात्रा रजनी चौधरी ने कहा कि अलग-अलग चुनाव होने से देश हमेशा चुनाव के माहौल में डूबा रहता है। प्रचार करने के नाम पर नेता स्थानीय समस्याओं का समाधान नहीं कर पाते हैं।
भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। हमें चुनाव के चरित्र पर ध्यान देना चाहिए। तृतीय रहे एसवीएल एजुकेशन कालेज टीएमयू के छात्र अवनीश चौबे ने कहा कि एक चुनाव की बजाय हमें अलगाववाद, नक्सलवाद, दुष्कर्म, आंतरिक सुरक्षा, यातायात की समस्या, समान शिक्षा आदि मुद्दों पर बात करनी चाहिए। एक बहुत बड़ा वर्ग अभी आर्थिक समस्या से जूझ रहा है। पहले उसके समाधान की आवश्यकता है। सांत्वना पुरस्कार प्राप्त करने वाली आईएफटीएम विश्वविद्यालय की आकांक्षा गुप्ता ने निष्पक्ष चुनाव की मांग पर जोर दिया। सांत्वना पुरस्कार विजेता आरएसडी अकादमी के यीतेश्वर निखिल ने एक चुनाव को मुद्दों से भटकाव और मतदाताओं को भ्रम में डालने वाला बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ नवगीतकार डॉ. माहेश्वर तिवारी रहे। विशिष्ट अतिथि प्रबंधक काव्य सौरभ रस्तोगी, प्राचार्य डॉ. मीना कौल, प्राचार्य मेफेयर कालेज डॉ. छुट्टन खान रहे। निर्णायक मंडल में शामिल वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. महेश दिवाकर, प्रधानाचार्य राजकीय हाईस्कूल बहोरनपुर डॉ. श्वेता पूठिया ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। संचालन डा. असमा अजीज ने किया। इस दौरान डॉ. मीनू मेहरोत्रा, डॉ. सीमा अग्रवाल, डॉ. अर्पणा तिवारी आदि मौजूद रहे।