मुरादाबाद। नगर पंचायत अगवानपुर के प्राथमिक विद्यालय की कक्षा चार में पढ़ने वाले अमन मलिक ने सौ मीटर की दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया है। छह न्याय पंचायतों की ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में अमन को दो मेडल प्रदान किए गए हैं। ज्ञात हो कि बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से बच्चों में खेल प्रतिभा को निखारने के लिए वार्षिक खेलों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में पाकबड़ा के पल्लुपुरा घोसी स्थित एसएल कालेज में भी खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसमें छह न्याय पंचायतों से प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। अगवानपुर प्राथमिक विद्यालय की कक्षा चार में पढ़ने वाले अमन, मोहम्मद अर्श और पांचवीं कक्षा की सना समेत कई विद्यार्थियों ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। अमन मलिक ने 100 मीटर की दौड़ में अन्य स्कूलों के आठ बच्चों को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वहीं 400 मीटर की दौड़ में अमन ने तीसरा स्थान हासिल किया। सना 400 मीटर की दौड़ में दूसरे स्थान पर रहीं। 50 और 200 मीटर दौड़ में मोहम्मद अर्श तीसरे स्थान पर रहे। अगवानपुर के मोहल्ला सैफियान स्थित प्राथमिक विद्यालय प्रथम की प्रधानाचार्य सोनिया वार्ष्णेय ने बताया कि छात्र-छात्राओं की प्रतिभा से स्कूल का नाम रोशन हुआ है।