बिलारी। सहसपुर गांव में सधारनपुर के रकबे में महिला के मकान का नियमविरुद्ध तरीके से दूसरे व्यक्ति द्वारा बैनामे किए जाने और एक प्लाॅट कारोबारी द्वारा मौखिक सौदा करके सरकारी स्टाम्प की चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने शुक्रवार को एसडीएम और थाना प्रभारी को शिकायती पत्र दिया। सहसपुर चौकी पुलिस ने मौके पर जाकर शिकायत की जांच की।
सहसपुर निवासी राकेश कुमार की पत्नी यशोदा की ओर से पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को दिए शिकायती पत्र में कहा गया कि सधारनपुर के रकबे में थांवला रोड पर स्थित भूमि गाटा संख्या 29 उसकी सास मोहनदेई के नाम है। मोहनदेई का इस आराजी पर कई वर्ष पुराना मकान बना हुआ है। उसकी सास मोहनदेई ने 14 सितंबर 2022 को इस मकान का पंजीकृत दान पत्र उसके नाम कर दिया है।
यशोदा का आरोप है कि बृहस्पतिवार शाम प्लॉट बिक्री के कारोबार से जुड़े कुछ दबंग लोग उसके मकान पर पहुंचे और अपने हक में मकान का बैनामा होना बताकर मकान को तोड़ने का प्रयास करने लगे। यशोदा के अनुसार प्लाट कारोबारियों ने धोखाधड़ी और जालसाजी करके उसके हिस्से और कब्जे वाले मकान का बैनामा निबंधन विभाग कर्मियों से सांठगांठ करके करा दिया।
यशोदा ने थाना बिलारी के ग्राम सहसपुर और थाना मैनाठेर के ग्राम गुरेर निवासी दोनों प्लॉट कारोबारियों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी करने, जबरन मकान पर कब्जे का प्रयास करने तथा धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की ओर से दी गई शिकायत की जांच सहसपुर चौकी पुलिस को सौंपी गई है।