मुरादाबाद में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह और पूर्व मंत्री संजीव बालियान के दबाव में संभल के जिलाध्यक्ष को जेल भेजा गया है। जेल में जिलाध्यक्ष विजय शर्मा को प्रताड़ित किया जा रहा है। पार्टी के जिला कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि काफी दबाव बनाने पर जेल अधीक्षक ने तीन लोगों को मुलाकात की इजाजत दी।
प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि लखनऊ में मोहित पांडेय की कस्टडी में हत्या की गई है। इस मामले में जिम्मेदार लोगों पर हत्या का केस दर्ज होना चाहिए। प्रदेश सरकार को मोहित के परिजनों को एक करोड़ का मुआवजा और सरकारी नौकरी देना चाहिए। किसी की मौत का सौदा पैसे से नहीं करना चाहिए। वहीं कानपुर में महिला सिपाही के साथ दुष्कर्म किया गया।
डीएम कंपाउंड में एक महिला की हत्या कर शव गाड़ा गया था, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। आरोप लगाया कि प्रदेश में जंगलराज कायम हो गया है। पत्रकार वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद, पूर्व विधायक संजय कपूर, सुधीर पाठक, आलोक दूबे, अनुभव मल्होत्रा, रिजवान कुरैशी, विजय शर्मा के परिवार के सदस्य मौजूद थे