मुरादाबाद। हवाई अड्डे के रूप में विकसित हो रही भदासना हवाई पट्टी का निर्माण 31 मार्च तक पूरा होना असंभव प्रतीत हो रहा है। इसे लेकर प्रशासन के इंतजाम अधूरे हैं और अभी काफी काम बाकी है। पिछले कई महीने से प्रशासन 31 जनवरी 2021 तक निर्माण कार्य पूरा करने का दावा कर रहा था जोकि खोखला साबित हुआ। इसके बाद प्रशासन ने फिर से 31 मार्च तक काम पूरा होने का दावा किया था, जो अभी पूरा होना नहीं दिख रहा।
हकीकत यह है कि हवाई पट्टी पर अभी लगभग दो-दो सौ मीटर की छह सड़कें, रनवे का दुरुस्तीकरण, मिट्टी का भराव, झील का सौंदर्यीकरण, टावर निर्माण और विद्युत व्यवस्था का काम शेष है। जबकि अभी केवल विद्युत व्यवस्था के लिए शासन से बजट मंजूर हुआ है। वर्तमान स्थिति यह बता रही है कि मार्च तक काम पूरा करने का नया दावा भी टिक नहीं सकेगा। मुरादाबाद जनपद में इस हवाई पट्टी का निर्माण 2018 से चल रहा है। अभी तक कुल 13 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हो चुके हैं। निर्माण निगम ने 12 करोड़ की मांग और की है। इसमें से बिजली के लिए 1.6 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। निर्माण निगम के इंजीनियरों ने मिलकर हवाई पट्टी को बीरबल की खिचड़ी बना रखा है। यहां तक नागरिक विमानन मंत्री नंद गोपाल नंदी के निर्देशों के बाद भी कार्य पूरा नहीं हो रहा है।
अभी तक नहीं हो पाया रनवे का दुरुस्तीकरण
सितंबर 2021 में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम हवाई पट्टी का निरीक्षण करने आई थी। उस दौरान रनवे को लैंडिंग के योग्य नहीं पाया गया था और रनवे को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए थे, जोकि अब तक नहीं हो पाया है। एक करोड़ साठ लाख रुपये के मिट्टी घोटाले के आरोप में निर्माण निगम पहले ही कटघरे में है। अब निर्माण निगम ने जो 12 करोड़ की राशि मांगी है उसे पास होने में समय लगेगा। इसलिए मार्च तक निर्माण पूरा होना संभव नहीं है। हालांकि प्रशासन अब भी मार्च तक निर्माण पूरा करने का दावा कर रहा है।
बाउंड्री वॉल का काम लगभग पूरा हो चुका है। बिजली के लिए राशि मंजूर हो गई है जल्द ही कार्य भी शुरू हो जाएगा। झील का सौंदर्यीकरण और अन्य कार्यों के लिए अभी बजट नहीं आया है। कोशिश यही है कि 31 मार्च तक कार्य को पूरा कर लिया जाए।
- सुरेंद्र सिंह, एडीएम प्रशासन, नोडल अधिकारी हवाई पट्टी