मुरादाबाद। ऑल इंडिया किसान खेत मज़दूर संगठन (एआईकेकेएमएस) ने शनिवार को 24 मीटर रोड पर सैनी धर्मकांटे के पास एक सम्मेलन आयोजित किया, जिसमें किसानों ने एमडीए की आवासीय योजना के लिए ली रही 1250 हेक्टेयर जमीन में अपनी जमीन नहीं देने की बात कही।
एमडीए अपनी मेगा शिवालिक टाउनशिप योजना के लिए 1250 हेक्टेयर जमीन खरीदने पर आगे बढ़ रहा है, काफी हद तक जमीन खरीद भी चुका है। इसमें एमडीए के उपाध्यक्ष अनुभव सिंह ने पहले ही स्पष्ट किया कि जमीन किसानों से उनकी सहमति के आधार पर खरीदी जा रही है लेकिन दूसरी ऑल इंडिया किसान खेत मज़दूर संगठन पिछले तीन सालों से एमडीए पर किसानों से जबरन जमीन हथियाने का आरोप लगाते हुए आंदोलन चला रहा है।
शनिवार को सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए संगठन के अध्यक्ष अविनाश चंद्र सक्सेना ने कहा कि किसान अपनी जमीन एमडीए को नहीं देना चाहते हैं। उन्होंने एलान किया कि 10 गांवों में सम्मेलन व बैठकें करके ग्रामीणों को अपनी जमीन एमडीए को न देने के लिए जागरूक किया जाएगा, ताकि ग्रामीण अपनी जमीन, प्लॉट, दुकान और मकान बचा सकें।
सम्मेलन में सावित्री देवी, ललिता देवी, मुन्नी देवी, ममता, रेखा, सरिता, नीलम रानी, शांति देवी, हेमा, नेतराम भारती, संतोष कुमार, डीएस बोहरा, हर किशोर सिंह, सुरेंद्र सिंह, धनश्याम सिंह, अंकुर प्रताप, दीपक कुमार आदि शामिल रहे। संचालन मोहम्मद गौरी ने किया। ब्यूरो