उल्टी दस्त की शिकायत पर मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए एक युवक ने शाम को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जिसके बाद भड़के परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए डाक्टरों और स्टाफ से नोंकझोंक की। थोड़ी देर में दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। गुस्साए तीमारदारों ने मेडिकल वार्ड में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। ड्राइवर के परिजनों ने दो डाक्टर और दो नर्सों के खिलाफ इलाज में लापरवाही की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जबकि डाक्टर ने तीन तीमारदारों पर तोड़फोड़ का केस दर्ज कराया है, पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। कटघर थाना क्षेत्र में करुला गली नंबर दो निवासी मोहम्मद आसिफ ने अपने इकलौते बेटे अनस (17) को मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। अनस को अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती कराया गया। अनस की मां सीमा का कहना है कि दोपहर करीब बारह बजे तक उनके बेटे की तबियत ठीक थी। लेकिन साढ़े बारह बजे डाक्टर ने उसे एक इंजेक्शन दिया। जिसके बाद उसकी हालत तेजी से बिगड़ती चली गई।
शाम को करीब पौने चार बजे अनस की मौत हो गई। अनस की मौत पर भड़के परिजनों ने डाक्टर और स्टाफ नोंकझोंक की तो स्टाफ भी भड़क गया। दोनो पक्षों में मारपीट हो गई। इसके बाद अनस के आक्रोशित परिजनों ने डाक्टर और स्टाफ से मारपीट की और मेडिकल वार्ड में तोड़फोड़ शुरू कर दी । मेडिकल वार्ड के दरवाजे, कूलर, मेज और कुर्सी तोड़ डालीं। नर्सिंग स्टाफ चेजिंग रूम में जाकर बंद हुआ तो उसका भी दरवाजा तोड़ने की कोशिश की। तोड़फोड़ से अस्पताल में अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस मौके से अकरम, इरशाद और मुमताज को पकड़ लाई। डा. यशवंत ने इन तीनों के खिलाफ अस्पताल में तोड़फोड़ मारपीट करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।