मुरादाबाद। चैत्र नवरात्र के अंतिम दिन रविवार को सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। प्रमुख मंदिरों में हवन-पूजन करने के बाद कन्याओं को भोजन कराया गया। इसके बाद उन्हें उपहार दिए गए। वहीं श्रद्धालुओं ने भी नारियल की भेंट चढ़ाकर परिजनों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की। मां सिद्धिदात्री की आराधना के साथ नवरात्र संपन्न हो गए।
काली माता मंदिर लालबाग में महंत सज्जन गिरी ने शनिवार रात 12 बजे से रविवार तड़के चार बजे तक हवन किया। नारियल की भेंट चढ़ाई गई। सुबह में पूजन के बाद श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी लाइनें लग गई थीं। शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों और आसपास के जिलों से भी श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे थे। मां को लाल चुनरी चढ़ाई गई और नारियल भेंट किया गया। शाम चार बजे माता की महाआरती के बाद भंडारा हुआ। पूड़ी, सब्जी और हलवा का प्रसाद वितरित किया गया।
श्री मनोकामना हनुमान मंदिर रेलवे लाइन में भी विधि विधान से पूजन हुआ। मंदिर के आसपास मां के शृंगार, नारियल और चुनरी के अलावा पूजा सामग्री की दुकानें लगी हुई थीं। मां के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालु लाइनों में लग गए। मां की पूजा-अर्चना के संग जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। माता मंदिर लाइनपार में रविवार को हवन-पूजन के साथ मां की आराधना की गई। हवन पुजारी नवल किशोर अवस्थी द्वारा संपन्न कराया गया।
शाम को महिलाओं ने कीर्तन कर मां की महिमा का गुणगान किया। मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष दिनेश कुमार सैनी बताया कि यह आयोजन हर वर्ष नवरात्र में किया जाता है। इस मौके पर राजू पुजारी, अनिल कुमार सिंह, हरिओम वर्मा, चमन कुमार, नरेश सैनी आदि उपस्थित रहे। श्री शिव दुर्गा मंदिर सराय कोठीवालान, श्री शिव हरि मंदिर रामगंगा विहार, श्री सत्य शिव मंदिर आवास विकास आदि मंदिरों में माता रानी की आराधना की गई। इस दौरान विभिन्न संगठनों ने भी श्रीराम नवमी मनाईं।
मेले में उठाया चाट-पकौड़ी का आनंद
लालबाग में नवरात्र मेले का आयोजन किया गया। रविवार को श्रद्धालुओं की विशाल भीड़ थी। माता के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने मेले में चाट-पकौड़ी का आनंद लिया। बच्चों ने झूला झूलकर मस्ती की। खिलौनों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही। नागरिक सुरक्षा कोर कोतवाली प्रखंड की ओर से स्टाफ अधिकारी एडवोकेट चक्रेश लोहिया के नेतृत्व में काली माता मंदिर में दूसरे दिन भी खोया पाया कैंप लगाया गया। शिविर के लोगों ने 17 बच्चों को उनके माता-पिता से मिलवाया। इस दौरान कैंप प्रभारी पोस्ट वार्डन एडवोकेट लक्ष्मण सिंह, संजय गुप्ता, अनामिका गुप्ता, बृजेश कुमार शर्मा, राहुल मिश्रा, रामसेवक गुप्ता आदि रहे।
-
महिला श्रद्धालुओं ने किया माता का गुणगान
कांठ रोड स्थित इंपीरियल ग्रींस सोसायटी की महिलाओं द्वारा देवी कीर्तन किया गया। सोसायटी के बच्चों ने देवी के रूप में झांकी भी प्रस्तुत की। कीर्तन में प्रतिदिन बेटियों को उनकी पढ़ाई से संबंधित उपहार भी बांटे गए। इस दौरान पूनम मेहरोत्रा, पारुल सेठी, डॉ. अनुपमा, चेतना, प्रतिमा चौधरी, विनी, अनीता, सीमा, ज्योति व अन्य महिलाएं शामिल रहीं।
सुरीले भजनों की रही धूम
भक्ति परिवार महिला संकीर्तन मंडल लाजपत नगर की ओर से कीर्तन किया गया। सुरीले भजनों से मातारानी का गुणगान किया। मैया का शृंगार कर पूजन करने के बाद भोग लगाया और सभी को प्रसाद वितरित किया। इस दौरान अनीता श्रीवास्तव, लक्ष्मी, ज्योति प्रजापति, पवन अग्रवाल, पुष्पा पहावा, नीरू बजाज, ममता श्रीमाली आदि मौजूद रहीं।
श्रद्धालुओं को वितरित किया जलजीरा
श्री महाशक्ति मंदिर उत्थान समिति की ओर से लालबाग में काली माता के दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क जलजीरा और ठंडे पानी की व्यवस्था की गई। इस दौरान राकेश कुमार टंडन, अनिल मेहता, सरदार मान सिंह, संजीव अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, मुकेश टंडन, लकी शर्मा आदि का सहयोग रहा।