फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: जहर से बची जान तो सुपारी देकर बेटे ने कराई थी कारोबारी की हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। हत्यारे बेटे मो. हसन ने अपने पिता नूर हसन की हत्या के लिए कई प्रयास किए थे। उसने घटना से दो माह पहले भी खाने में जहर मिलाकर पिता को खिला दिया था लेकिन सही समय पर उपचार मिलने के कारण उनकी जान बच गई थी। इसके बाद उसने गैंग के जरिये हत्या करने का प्लान बनाया लेकिन उसके पास रकम नहीं थी। इसलिए उसने दुकान में काम करने वाले कर्मचारी को पांच लाख रुपये में सुपारी दे दी और उसे भरोसा दिलाया था कि पिता की हत्या के बाद कारोबार संभालने के बाद पूरा भुगतान कर देगा। पुलिस की ओर से कोर्ट में दाखिल की गई चार्जशीट में बताया गया कि नूर हसन दस सराय पुलिस चौकी के पास नूर प्लाईवुड एंड फर्नीचर की दुकान चलाते थे।
विज्ञापन

बड़ा बेटा मो. हसन से उनका मनमुटाव था। उन्होंने मो. हसन को रुपये देने बंद कर दिए थे। इसी बात से वह अपने पिता से चिढ़ता था। वह घर से अपने पिता के लिए दुकान पर खाना पहुंचाने गया था लेकिन उसने रास्ते में खाने में जहर मिला दिया था। नूर हसन ने खाना खाया तो उनकी तबीयत खराब हो गई थी। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए और जान बच गई थी। इसके बाद उसने अपने पिता की हत्या के लिए एक गैंग से संपर्क किया लेकिन उधार में कोई हत्या करने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद उसने अपने कर्मचारी छत्रपाल से संपर्क किया। उसने बताया कि अगर उसके पिता की हत्या हो जाएगी तो वह पूरी संपत्ति का मालिक हो जाएगा। इसके बाद वह पांच लाख रुपये दे देगा। एक दिन नूर हसन ने सामान के ऑर्डर के लिए मो. हसन को पांच हजार रुपये दे दिए थे। इनमें से उसने साढ़े चार हजार रुपये छत्रपाल को दिए थे। छत्रपाल ने सुमित और एक नाबालिग के साथ मिलकर 13 मई 2013 को नूर हसन की हत्या कर दी थी।
पिता की हत्या कराई, फिर लूट और बदमाशों की कहानी गढ़ता रहा बेटा
मुरादाबाद। पिता की संपत्ति हड़पने के लिए बेटे ने ही सुपारी देकर उनकी हत्या करा दी थी। वारदात को अंजाम दिलाने के बाद आरोपी मो. हसन पुलिस के सामने लूट और बदमाशों की कहानी गढ़ता रहा। उसने दावा किया था कि चार-पांच बदमाश दुकान में घुसे थे और पिता की हत्या करने के बाद गल्ले से डेढ़ लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। हालांकि, उसकी कहानी में कई झोल थे। पत्नी और छोटे बेटे के शक जताने के बाद पुलिस ने जांच की दिशा बदली तो साजिश की परतें खुलती चली गईं। पुलिस की ओर से कोर्ट में दाखिल की गई चार्जशीट में बताया था कि नूर हसन की हत्या के मामले में जांच चल रही थी। इसी दौरान उनकी पत्नी और छोटे बेटे दानिश ने पुलिस को बताया कि मो. हसन अक्सर अकेले में जाकर किसी से बातचीत करता था। उसकी गतिविधियां भी संदिग्ध लग रही थीं। परिजनों को इस जानकारी के बाद पुलिस ने मो. हसन के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई। जांच में सामने आया कि घटना से पहले और हत्या के बाद भी मो. हसन की छत्रपाल से बातचीत हुई थी। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कर दीं। ब्यूरो
विज्ञापन

हवाई फायरिंग की कहानी भी निकली झूठी
मुरादाबाद। पिता की हत्या कराने के बाद मो. हसन ने पुलिस को गुमराह करने के लिए लूट की कहानी सुनाई थी। उसने बताया था कि चार-पांच बदमाश दुकान में आए और नूर हसन को गोली मारने के बाद गल्ले से डेढ़ लाख रुपये लूट ले गए। जाते समय बदमाशों ने हवाई फायरिंग भी की थी। पुलिस ने आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए, लेकिन किसी ने भी हवाई फायरिंग होने की पुष्टि नहीं की। जांच में यह भी सामने आया कि नूर हसन को दुकान के अंदर ही सिर से तमंचा सटाकर गोली मारी गई थी। पुलिस की तफ्तीश में बेटे की साजिश उजागर हो गई थी। ब्यूरो
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें