फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

युवक की हत्या के बाद शव को बोरी में बंद कर खेत में फेंका

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। दो दिन पहले दावत में गए थाना सिविल लाइन क्षेत्र निवासी युवक का शव मझोला थाना क्षेत्र में कांशीराम कालोनी के निकट स्थित एक खेत में मिला। रविवार सुबह टहलने निकले लोगों ने बोरी में बंद पड़े शव को देख इसकी सूचना परिवार वालों को दी गई। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर नामजद एक आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी को तीन टीमें लगाईं गईं हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच कर घटना स्थल की पड़ताल की है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
विज्ञापन

थाना सिविल लाइन क्षेत्र के मोहल्ला चक्कर की मिलक निवासी खुर्शीद (35) ट्रैक्टर चलाकर जीवन यापन करता था। उसका थाना मझोला क्षेत्र की कांशीराम कालोनी निवासी गौतम के घर आना जाना था। परिवार वालों के मुताबिक शुक्रवार रात गौतम ने घर में दावत की बात कहकर खुर्शीद को अपने घर बुलाया। खुर्शीद शनिवार सुबह आने की बात कह कर गौतम के घर गया था। शनिवार सुबह घर न पहुंचने पर परिवार वालों को चिंता हुई। फोन मिलाया तो वह बंद मिला। इस पर खुर्शीद की पत्नी नसीमा अपने भतीजे नौशाद के साथ शनिवार सुबह गौतम के घर पहुंची। नसीमा का आरोप है कि वहां उसने अपने पति के बारे जानकारी चाही तो गौतम, उसका बहनोई लक्ष्मीचंद, बहन सुनीता व रेखा संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके और उससे गाली-गलौज करने लगे। नसीमा का दावा है कि उसने आरोपियों के घर पर अपने पति का एक जूता व मफलर पड़ा देखा था। महिला ने सिविल लाइन थाने में पति की गुमशुदगी की तहरीर दी। इसमें उसने गौतम, उसकी बहन रेखा आदि पर पति की हत्या की आशंका जताई।
रविवार सुबह भोला सिंह की मिलक क्षेत्र में टहलने निकले कुछ लोगों को डोरीलाल के खेत में प्लास्टिक की बंद बोरी दिखाई दी। शंका होने पर जब लोगों ने बोरी को खोलकर देखी तो उसमें युवक का शव था। इसकी सूचना पर आसपास के तमाम लोग मौके पर जमा हो गए। मृतक के परिवार वालों ने मौके पर पहुंच उसकी शिनाख्त खुर्शीद के शव के रूप में की। उसके गले पर काले निशान थे। सूचना मिलते ही मझोला व थाना सिविल लाइन पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एसपी सिटी व फ ॉरेंसिक टीम भी पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन

मझोला थाने के एसएचओ अजयपाल सिंह ने बताया कि खुर्शीद की पत्नी नसीमा की तहरीर पर पुलिस ने गौतम, उसके बहनोई लक्ष्मीचंद, बहन रेखा व सुनीता के खिलाफ हत्या कर शव छिपाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गौतम के कांशीराम नगर कालोनी स्थित घर पर दबिश दी तो वहां कोई भी आरोपी नहीं मिला। दरवाजे पर ताला लगा मिला। पुलिस ने दबिश देकर एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
खुर्शीद की हत्या के मामले में उसकी पत्नी की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। परिवार वाले भी अभी हत्या का मुख्य कारण नहीं बता पा रहे हैं। एक आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्या की मुख्य वजह का पता लगाने के लिए पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी को तीन टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जो तथ्य सामने आएंगे उसके मुताबिक आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

अमित कुमार आनंद, एसपी सिटी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें