फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली में मुरादाबाद के बिल्डिंग ठेकेदार की हत्या, शव बेड में छिपाया

Mon, 26 Oct 2020 05:08 PM IST
मुरादाबाद ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो, मुरादाबाद
विज्ञापन
समीर की मौत के बाद विलाप करते परिजन। - फोटो : CITY
विज्ञापन

दिल्ली में रह रहे मुरादाबाद निवासी एक भवन निर्माण ठेकेदार समीर (30) की उसी के साथ पिछले पांच साल से रह रहे एक युवक ने चाकू व हथौड़े से हत्या कर उसका शव बेड के बाक्स में छिपा दिया और कमरे में बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। ध्यान भटकाने के लिए उसने मृतक की स्कूटी कुछ दूर स्थित एक नाले में गिरा दी।

विज्ञापन


हत्या की जानकारी मिलते ही परिजनों में हडकंप मच गया और परिजन दिल्ली पहुंचे। परिवार वालों ने बताया कि समीर ने दिल्ली में 14 लाख का एक प्लॉट बेचा था। इस धनराशि को लूटने के बाद आरोपी ने घटना को अंजाम दिया। परिवार वालों की तहरीर पर दिल्ली पुलिस ने समीर के साथी सलमान के खिलाफ शनिवार को लूट और हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है। दिल्ली पुलिस यहां पहुंच कर आरोपी के दो रिश्तेदारों को भी उठा ले गई है। मृतक का शव दिल्ली से यहां पहुंचने पर कॉलोनी में मातम का माहौल है।

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गुलाब बाग कॉलोनी निवासी भूरे मलिक मेहनत मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। उनके तीन बेटे व पांच बेटियां हैं। बेटों में सबसे छोटा समीर मलिक (30) परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण एक दशक पहले दिल्ली चला गया था। उसके बड़े भाई मोहम्मद फरदन मलिक ने बताया कि समीर दिल्ली के थाना बुडारी के गुलाड़ी संतनगर कॉलोनी में एसपी सिंह के एक मकान में किराये पर रहता था तथा ठेका लेकर भवन बनाने का काम करता था।
विज्ञापन


करीब पांच साल पहले वह कॉलोनी के ही अपने राजमिस्त्री मित्र सलमान को भी बुलाकर दिल्ली ले गया था। सलमान भी समीर के साथ ही उसके कमरे पर रहता था। समीर रोज परिवार वालों से बात करता था। शुक्रवार को भी उसने दोपहर परिवार वालों से बात की थी। शाम को उसका फोन नहीं आया। परिवार वालों ने जब फोन मिलाया तो वह स्विच ऑफ मिला।

शनिवार सुबह परिवार वालों को मकान मालिक ने समीर की स्कूटी पास के एक नाले में गिरी होने और घर में बाहर से ताला लगा होने की सूचना दी। इसके बाद परिवार के लोग दिल्ली पहुंचे। पहले उन लोगों ने वहां तलाश की जहां नाले में स्कूटी गिरी मिली थी। सुराग न लगने पर वह लोग समीर के कमरे पर गए। ताला तोड़ कर जब वह लोग मकान में दाखिल हुए तो वहां फर्श पर खून पड़ा दिखाई दिया। इस पर परिवार वालों ने कमरे में तलाश शुरू की। जब उन लोगों ने बेड का बक्सा खोला तो उसमें समीर का शव पड़ा दिखाई दिया। इस पर परिवार वालों के होश उड़ गए।

समीर के शरीर पर चाकू के कई निशान थे और उसके सिर पर हथौड़े से वार किया गया था। परिवार वालों की तहरीर पर दिल्ली पुलिस ने सलमान के खिलाफ लूट और हत्या का मुकदमा दर्ज करने के बाद उसके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिया। दिल्ली पुलिस सलमान का पता लगाने में जुटी है। शनिवार रात दिल्ली पुलिस उसकी तलाश में मुरादाबाद भी आई थी और आरोपी के न मिलने पर उसके दो रिश्तेदारों को उठा कर ले गई है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें