मैनाठेर। मिलक मैनाठेर के जंगल से घास काटने गई सायरा से विवाद के दौरान थप्पड़ खाने के बाद प्रेमी ने दुपट्टे से गला कसकर उसे बेहोश कर दिया था। इसके बाद पेचकस से गोदकर सायरा को मार डाला। हत्यारोपी का कहना है कि युवती ने उसे काल कर खुद मक्के के खेत में बुलाया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सायरा का मोबाइल और घटना में प्रयुक्त पेचकस बरामद किया है।
प्रभारी निरीक्षक किरन पाल ने बताया कि सायरा की हत्या के बाद उसकी मां सफीना ने मिलक मैनाठेर निवासी मुर्गा मीट विक्रेता मोहम्मद रफी के खिलाफ नामजद केस दर्ज कराया था। सोमवार को मैनाठेर पुलिस ने हत्यारोपी रफी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे के पेचकस और सायरा का मोबाइल बरामद किया है। पूछताछ के दौरान हत्यारोपी रफी ने पुलिस को बताया कि सायरा ने फोन कर करके उसे मक्का के खेत पर बुलाया था। खेत पर दोनों की बातचीत के दौरान गाली गलौज हो गई। सायरा ने कहा कि मुझसे अब बात मत करना तो रफी ने कह दिया कि मैं बात करता रहूंगा। इस बीच सायरा ने उसको थप्पड़ जड़ दिया। साथ ही अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया। इसके बाद रफी ने गुस्से में आकर सायरा के गले में पड़े दुपट्टे से ही उसका गला कस दिया। इस दौरान वह बेहोश हो गई। हत्यारोपी ने लोहे के पेचकस से उसकी गर्दन और पेट से नीचे शरीर पर ताबड़तोड़ कई वार कर उसकी जान ले ली। सोमवार को पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करने के बाद आरोपी रफी को कोर्ट में पेश किया। अदालत के आदेश पर पुलिस ने उसको जेल भेज दिया है।