फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मामूली कहासुनी के बाद युवक ने तमंचे से किए ताबड़तोड़ फायर

विज्ञापन
विज्ञापन
कांठ(मुरादाबाद)। थाना क्षेत्र के कांठ गांव में मामूली विवाद में युवक ने तमंचे से ताबड़तोड़ फायर कर दिए, जिसमें तीन युवक गोली लगने से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मुरादाबाद भिजवाया है। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जाती है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक, उसके भाई व पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
विज्ञापन

मामला कांठ थाना क्षेत्र के गांव मंझरा मिश्रीपुर का है। इसी गांव के शिवकुमार उर्फ भोला पुत्र हरपाल सिंह, अर्जुन पुत्र सुरेश कुमार और रजनीश उर्फ जॉनी पुत्र वीरेंद्र सिंह रविवार की रात करीब साढ़े सात बजे किसी काम से गांव में ही स्थित प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक के पास आए थे। यहां किसी बात को लेकर इनकी गांव के ही पुष्पेंद्र पुत्र नन्हें उसके भाई संजीव उर्फ बिंटू और नन्हें सिंह से कहासुनी और गालीगलौज हो गई। इसी बीच पुष्पेंद्र ने तमंचे से शिवकुमार उर्फ भोला पर फायर झोंक दिया, जिससे गोली उसके पेट में जा लगी।
अर्जुन और रजनीश उर्फ जॉनी ने इसका विरोध किया तो पुष्पेंद्र ने इनके ऊपर भी तमंचे से फायर कर दिया, जिससे यह दोनों भी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद पुष्पेंद्र तमंचे को लहराते हुए आसपास के लोगों को जान से मारने की धमकी देते हुए अपने भाई और पिता के साथ फरार हो गया।
विज्ञापन

तीन लोगों को गोली लगने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी कांठ महेशचंद्र गौतम, थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेशपाल सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में तीनों घायलों को उपचार के लिए मुरादाबाद भिजवाया। इसके बाद घायलों के परिजन और तमाम ग्रामीण एकत्र होकर कांठ थाने पहुंचे। शिवकुमार के पिता हरपाल सिंह ने तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस को नामजद तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल रजनीश उर्फ जॉनी के अनुसार पुलिस ने घटनास्थल से एक कारतूस और एक खोखा बरामद किया है।
गोलीकांड के पीछे मानी जा रही राजनीतिक रंजिश
रविवार की शाम कांठ थाना क्षेत्र के गांव मंझरा मिश्रीपुर में हुए गोलीकांड के पीछे राजनीतिक रंजिश को वजह माना जा रहा है। इस बात को दबी जुबां ग्रामीण भी कह रहे हैं। बताया गया है कि जिस समय विवाद हुआ और गोली चलाई गई। उससे कुछ देर पहले मंझरा मिश्रीपुर में एक भाजपा नेता ने चौपाल लगाकर सभा की थी। ग्रामीणों का कहना है कि नेता जी के जाने के बाद विवाद हुआ है। फिलहाल पुलिस गोलीकांड की जांच में जुटी हुई है। देर रात तक आरोपी फरार थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें