ठाकुरद्वारा। 10 वर्ष पहले लव मैरिज करने वाली दंपति में पत्नी के दूसरे से फोन पर बात करने को लेकर विवाद हो गया। संबंधों में खटास आने पर पति ने रविवार को गांव के तालाब में कूद कर जान देने की कोशिश की। मामला कोतवाली में पहुंचा तो पत्नी तलाक देने की मांग करते हुए हंगामा करने लगी। बाद में लोगों को समझाने पर वह पति के साथ चली गई ।
गांव मुनीमपुर निवासी एक युवक राजमिस्त्री का काम करता है। 10 साल पहले उसके गांव की महिला से प्रेम संबंध स्थापित हो गए थे। फिर दोनों ने निकाह कर लिया। उनके दो बच्चे भी हैं। पति को शक है कि उसकी पत्नी उमरी के किसी युवक से फोन पर बात करती है। इसे लेकर दोनों में झगड़ा हुआ। पति तनाव में आया तो वह सुबह गांव के तलाब में कूद गया। किसी ने उसे तालाब में कूदते देख लिया और उसे बचाया। एक ग्रामीण की सूचना पर 112 डायल पुलिस गांव में पहुंची। पति-पत्नी को लेकर कोतवाली आ गई। दोनों पक्षों की पंचायत कोतवाली में होने लगी पति ने अपना पक्ष रखा और पत्नी पर किसी दूसरे से फोन पर बात करने पर नाराजगी जताई तो पत्नी आरोप को गलत बताते हुए हंगामा करने लगी। पति से तलाक देने की मांग करने लगी। दो घंटे तक कोतवाली में पति पत्नी का विवाद चलता रहा। मौजूद लोगों ने तलाक मांग रही पत्नी को समझाया। इस पर पत्नी समझाने पर अपने पति के साथ चली गई।