फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कानून की मर्यादा में तथ्यों के आधार पर पक्ष रखें अधिवक्ता : न्यायमूर्ति शमशेरी

विज्ञापन
विज्ञापन
- अधिवक्ता परिषद ब्रज प्रांत की दो दिवसीय बैठक शुरू, न्याय व्यवस्था, पेशे की नैतिकता और नए कानूनों पर हुआ मंथन
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी

पाकबड़ा (मुरादाबाद)। न्यायालय में अधिवक्ताओं को अपनी बात तथ्यों, कानूनी भाषा और कानून के प्रावधानों के आधार पर रखनी चाहिए। न्याय प्रक्रिया की मर्यादा बनाए रखना अधिवक्ताओं की जिम्मेदारी है। बेंच और बार के बीच संबंध हमेशा गरिमापूर्ण और अनुशासित होने चाहिए। यह बातें इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी ने शनिवार को टीएमयू के सभागार में आयोजित अधिवक्ता परिषद ब्रज प्रांत की बैठक में कहीं।
उन्होंने अधिवक्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि न्यायालय में अपनी बात रखने का एक निर्धारित तरीका और मर्यादा होती है। अधिवक्ताओं को इसका पालन करना चाहिए। न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने के बजाय कानून के दायरे में रहकर न्यायालय के समक्ष अपना पक्ष प्रस्तुत करना चाहिए। बेंच और बार के बीच बेहतर समन्वय न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अधिवक्ता परिषद ब्रज प्रांत की दो दिवसीय बैठक का शुभारंभ शनिवार को हुआ।
विज्ञापन


इसमें न्याय व्यवस्था, अधिवक्ताओं की भूमिका, विधि व्यवसाय में नैतिकता, अनुशासन और बदलते कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के पहले सत्र में विधि व्यवसाय में नैतिकता एवं अनुशासन विषय पर वक्ताओं ने विचार रखे। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं का आचरण न्यायालय की गरिमा और न्याय प्रक्रिया दोनों को प्रभावित करता है। ऐसे में पेशे की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।
दूसरे सत्र में नवीन कानून और बदलते समय की नई व्यवस्था पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि कानूनों में हो रहे बदलावों के बीच अधिवक्ताओं को नए प्रावधानों की जानकारी रखना जरूरी है, ताकि वह प्रभावी ढंग से न्यायालय में अपना पक्ष रख सकें। तीसरे सत्र में भारत की प्राचीन न्याय व्यवस्था एवं विधि शास्त्र पर मंथन किया गया। इसमें भारतीय न्याय परंपरा और उसके सिद्धांतों की वर्तमान कानून व्यवस्था में प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला गया।
विज्ञापन


कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जनपद न्यायाधीश अमित पाल सिंह ने कहा कि न्यायपालिका की स्वतंत्रता, विधि के शासन में अधिवक्ता परिषद सकारात्मक कार्य कर रही है। न्याय व्यवस्था की सफलता के लिए बेंच और बार अंतिम उद्देश्य न्याय की स्थापना है। विशिष्ट अतिथि टीएमयू के लाॅ काॅलेज के डीन हरवंश दीक्षित ने कहा कि विधि व्यवसाय में शीर्ष पर पहुंचने के लिए न्यायपालिका का सम्मान जरूरी है। कार्यक्रम में अधिवक्ता परिषद ब्रज के अध्यक्ष सुभाष चंद्र गुप्ता, उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश राय, महामंत्री विक्रांत गोयल, अनुज शर्मा, नीरज, मीनाक्षी, रणवीर सिंह और अजय गुप्ता समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए अधिवक्ता मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें