मुरादाबाद। टैक्स बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं ने आयुक्त से मिलकर सीजीएसटी के अधिकारियों की शिकायत की है। आरोप लगाया है कि अधिकारी बगैर कारण बताए फर्म का पंजीकरण रद्द कर रहे हैं। इस वजह से व्यापारियों का मानसिक उत्पीड़न हो रहा है।
टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद मेहरोत्रा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल मेरठ स्थित सीजीएसटी के आयुक्त से मिला। अधिवक्ताओं ने ज्ञापन देकर आरोप लगाया कि मुरादाबाद में सीजीएसटी के अधिकारी मनमाने ढंग से कार्य कर रहे हैं। इस वजह से पारदर्शिता भी प्रभावित हो रही है। कई मामलों में बगैर कारण बताए फर्मोंं का पंजीयन निलंबित और रद्द किया जा रहा है। निलंबन के बाद पोर्टल पर आवेदन दाखिल करने पर कोई उत्तर नहीं मिलता है।
कई आवेदन तीन वर्ष से रखे गए हैं। इस कारण कारोबारियों को व्यवसाय ठप हो गया है। नियमानुसार पंजीयन आवेदन का निस्तारण सात दिन के अंदर होना चाहिए। कारण बताओ नोटिस का एक पक्षीय निस्तारण किया जा रहा है। आयुक्त ने अधिवक्ताओं की बातें सुनने के बाद विचार करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में सचिव मोहित अग्रवाल, अनुराग सिंह और शिशिर गुप्ता शामिल थे।