मुरादाबाद। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाएं 15 जुलाई से प्रस्तावित हैं। इसके लिए महाविद्यालयों में तैयारियां की जा रही हैं, लेकिन सोमवार को विश्वविद्यालय की वेबसाइट बंद होने की वजह से तैयारियां नहीं हो सकी हैं। दिनभर विद्यार्थी प्रवेश पत्र और शिक्षक एनआर (न्यूमेरिकल रोल) का इंतजार करते रहे। विश्वविद्यालय अधिकारियों का कहना है कि सोमवार को नई वेबसाइट लांच की गई है। मंगलवार से नई वेबसाइट से प्रवेश पत्र और एनआर डाउनलोड होने लगेंगे।
हिंदू कालेज के परीक्षा प्रभारी डॉ. संजय कुमार रस्तोगी ने बताया कि सोमवार को एनआर (न्यूमेरिकल रोल) डाउनलोड नहीं हुई है। इसके कारण हमें पता नहीं है कि 15 जुलाई को पहले दिन कौन सी पाली में कितने विद्यार्थियों की परीक्षा है। सचल दल का गठन मंगलवार को किया जाएगा। सभी कमरों में सीसीटीवी कैमरे की निगरानी की जाएगी। परीक्षा डेढ़ घंटे की होगी। उत्तर पुस्तिका और प्रश्नपत्र आ गए हैं। कालेज स्तर की तैयारियां हो चुकी हैं, अब एनआर की वजह से तैयारियां रुकी हुई हैं। बहुत से स्नातक और परास्नातक प्रथम वर्ष के विद्यार्थी परीक्षाओं की जानकारी लेने आ रहे हैं, लेकिन इनकी परीक्षाएं नहीं होंगी। स्नातक द्वितीय और अंतिम व परास्नातक अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों की परीक्षा है।
केजीके कालेज के परीक्षा प्रभारी डॉ. एके सिंह का कहना है कि एनआर मिलने के बाद विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर ही कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाती है। पहले दिन कितने कमरों में कितने विद्यार्थियों की परीक्षा होगी, इसकी जानकारी एनआर से ही मिलेगी। विश्वविद्यालय को एनआर परीक्षा से एक सप्ताह पहले अपलोड कर देनी चाहिए थी। सोमवार को शिक्षकों को परीक्षा संबंधी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बुधवार को सचल दल का निर्णय लिया जाएगा। मंगलवार को सीसीटीवी की जांच कराई जाएगी, ताकि वह परीक्षा से पहले ठीक हो सकें।
विश्वविद्यालय की वेबसाइट पहले 25 हजार हिट्स में हैंग होने लगती थी। इससे विद्यार्थियों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता था। नई वेबसाइट पर एक साथ दो लाख हिट्स हो सकते हैं। नई वेबसाइट www.mjpru.ac.in को कुलपति प्रो. केपी सिंह ने सोमवार को लांच किया है। इसी वेबसाइट पर प्रवेश पत्र व एनआर अपलोड कर दिए गए हैं। मंगलवार से यह डाउनलोड होने लगेंगे।
- डॉ. अमित सिंह, मीडिया प्रभारी, एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय।